loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 18°C
Breaking News

वित्त मंत्री चीमा करेंगे हड़ताल पर चल रही रोडवेज कर्मचारी यूनियन के साथ बैठक

पटियाला के सर्किट हाउस में यूनियन के प्रतिनिधिमंडल के साथ होगी बैठक

भारत इंफो, जालंधर

पंजाब रोडवेज, पनबस और पीआरटीसी कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स यूनियन के कर्मचारियों की हड़ताल के बीच पंजाब के वित्त व परिवहन मंत्री हरपाल सिंह चीमा शनिवार को पटियाला के सर्किट हाउस में यूनियन के प्रतिनिधिमंडल के साथ एक विशेष बैठक करेंगे। कर्मचारियों ने शुक्रवार को मोहाली में वेरका प्लांट के पास चल रहा अपना धरना समाप्त कर दिया है, लेकिन अपनी मांगों पर अड़े रहने के कारण सरकारी बसों की हड़ताल शनिवार को लगातार चौथे दिन भी जारी रहेगी।

पंजाब रोडवेज जालंधर एक के अध्यक्ष विक्रम सिंह की तरफ से उपलब्ध कराई गई जानकारी के मुताबिक यूनियन नेताओं और सरकार के बीच यह वार्ता शनिवार को पटियाला में होगी। कर्मचारियों को उम्मीद है कि इस बैठक में उनकी लंबित मांगों पर कोई ठोस लिखित फैसला आ सकता है।

21 अक्टूबर (बुधवार) से शुरू हुई इस अनिश्चितकालीन हड़ताल के कारण पंजाब भर में सरकारी बसों का चक्का जाम है। शनिवार को आंदोलन के चौथे दिन भी बस सेवाएं ठप रहने से आम जनता, खासकर महिलाओं और छात्र-छात्राओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष रेशम सिंह गिल के मुताबिक, कर्मचारी मुख्य रूप से आउटसोर्सिंग व्यवस्था को खत्म कर कर्मचारियों को सीधे विभाग के कॉन्ट्रैक्ट पर लाने, कच्चे कर्मचारियों को नियमित (पक्का) करने और पिछले प्रदर्शनों के दौरान कर्मियों पर दर्ज पुलिस मामलों को रद्द करने की मांग कर रहे हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *