भारत इंफो : 2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों से पहले राजनीतिक हलचलों का दौर तेज हो गया है। इसी कड़ी में शिरोमणि अकाली दल के पूर्व हलका इंचार्ज रवि मोहन ने आम आदमी पार्टी (AAP) का दामन थाम लिया है। जालंधर में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की मौजूदगी में उन्होंने औपचारिक रूप से पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता जगरूप सिंह सेखवां समेत रवि मोहन के कई समर्थक और साथी भी मौजूद रहे।
दीनानगर में पार्टी मजबूत करने का मिला निर्देश
पार्टी में शामिल होने के बाद रवि मोहन ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने उन्हें दीनानगर विधानसभा क्षेत्र में संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी सौंपी है। इसके साथ ही उन्हें अभी से 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारियों में जुटने का संदेश दिया गया है। हालांकि, पार्टी में उन्हें कौन सा संगठनात्मक पद या जिम्मेदारी दी जाएगी, इसको लेकर स्थिति जल्द ही स्पष्ट होने की संभावना है।
मजीठिया के करीबी रहे हैं रवि मोहन
रवि मोहन को शिरोमणि अकाली दल के दिग्गज नेता बिक्रम सिंह मजीठिया के करीबी सहयोगियों में गिना जाता था। वह भोआ विधानसभा हलके के पूर्व इंचार्ज, जिला परिषद सदस्य और अकाली दल के एससी विंग (SC Wing) के संयुक्त सचिव जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। उनके आम आदमी पार्टी में आने से दीनानगर और आसपास के राजनीतिक समीकरणों में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।