loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 18°C
Breaking News

‘मैंने 8 युद्ध खत्म करवाए’, ट्रंप ने फिर किया भारत-पाकिस्तान संघर्ष रुकवाने का दावा

भारत और पाकिस्तान पर 250% टैरिफ लगाने की धमकी देकर तनाव कम करवाने की बात कही

भारत इंफो, टेक्सास

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर दावा किया है कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष को रुकवाने में भूमिका निभाई थी। ट्रंप ने कहा कि दोनों देशों पर 250 प्रतिशत टैरिफ लगाने की कथित धमकी देकर उन्होंने तनाव को और बढ़ने से रोकने के लिए व्यापार को हथियार के रूप में इस्तेमाल किया।

बुधवार (स्थानीय समय) को टेक्सास के कॉर्पस क्रिस्टी में मध्यावधि चुनाव की एक रैली को संबोधित करते हुए ट्रंप ने दावा किया कि उन्होंने कुल आठ युद्ध समाप्त करवाए हैं। उन्होंने कहा कि इनमें से पांच संघर्षों को व्यापार से जुड़े उपायों के जरिए सुलझाया गया।

ट्रंप ने अपने संबोधन में भारत और पाकिस्तान का उदाहरण देते हुए कहा, “मैंने आठ युद्ध खत्म करवाए, लेकिन इनमें से पांच युद्ध व्यापार के इस्तेमाल से खत्म हुए, जैसे भारत और पाकिस्तान।” ट्रंप लंबे समय से भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष रुकवाने का श्रेय लेते रहे हैं। वह पहले भी दावा कर चुके हैं कि व्यापार और टैरिफ के दबाव के जरिए उन्होंने दोनों परमाणु शक्ति संपन्न पड़ोसी देशों के बीच तनाव कम करवाने में मदद की थी। हालांकि, भारत सरकार लगातार यह स्पष्ट करती रही है कि भारत और पाकिस्तान के बीच मुद्दों का समाधान द्विपक्षीय आधार पर होता है और किसी तीसरे पक्ष की मध्यस्थता स्वीकार नहीं की जाती।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *