विमान में गंभीर आतंकी घटना के दौरान यात्रियों की सुरक्षा में निभाई थी अहम भूमिका
भारत इंफो, दुबई
संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने फ्लाईदुबई की उड़ान FZ1073 के कैप्टन स्मित मच्छर और चालक दल के सदस्यों को उनकी बहादुरी और यात्रियों की सुरक्षा के लिए किए गए प्रयासों के सम्मान में ‘ऑर्डर ऑफ जायद II’ के प्रथम श्रेणी सम्मान से नवाजा है। मंगलवार को प्रदान किया गया यह सम्मान दुबई के क्राउन प्रिंस शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम ने सौंपा। इस अवसर पर UAE के राष्ट्रपति ने दुबई के शासक और संयुक्त अरब अमीरात के उपराष्ट्रपति एवं प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम की मौजूदगी में चालक दल के सदस्यों से मुलाकात भी की।
30 सितंबर को हुई थी गंभीर घटना
जानकारी के मुताबिक, 30 सितंबर को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान FZ1073 में फ्लाइट डेक के भीतर एक गंभीर घटना हुई थी। इसके बाद विमान का मार्ग बदलकर सऊदी अरब के तबुक शहर की ओर मोड़ दिया गया। इस घटना में कैप्टन स्मित मच्छर घायल हो गए थे। हालांकि, चालक दल के सदस्यों, ड्यूटी पर नहीं मौजूद अन्य पायलटों और यात्रियों ने स्थिति को नियंत्रित करने में मदद की। विमान को सुरक्षित उतार लिया गया। विमान में सवार सभी 172 यात्रियों और चालक दल के सदस्यों के सुरक्षित होने की सूचना दी गई थी। UAE की ओर से दिया गया यह सम्मान संकट की घड़ी में कैप्टन और चालक दल के साहस, जिम्मेदारी तथा यात्रियों की सुरक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को मान्यता देता है।