Tuesday, September 15, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 33°C
Breaking News

अमेरिका में पंजाबी ट्रक ड्राइवर पर नस्लीय हमले का आरोप, चाकू से वार; हालत गंभीर

भारत इंफो : अमेरिका में पंजाब के रहने वाले एक ट्रक ड्राइवर पर कथित तौर पर नस्लीय हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि सोमवार सुबह आराम कर रहे ड्राइवर से एक हमलावर ने पहले नस्लीय टिप्पणी की और इसके बाद उस पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल ड्राइवर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

ट्रक से करीब 100 मीटर दूर खून से लथपथ मिला ड्राइवर
पंजाबी कम्युनिटी से जुड़े पवित्र सिंह के अनुसार, घायल ड्राइवर की पहचान गुरविंदर सिंह के रूप में हुई है। वह डब्ल्यूजे ट्रांसपोर्ट में काम करता था। बताया गया कि गुरविंदर सिंह अपना ट्रक रोडसाइड रेस्ट एरिया में खड़ा करके आराम कर रहा था। कुछ समय बाद वह अपने ट्रक से करीब 100 मीटर की दूरी पर खून से लथपथ हालत में मिला। घटना की जानकारी मिलने के बाद उसे गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया। पवित्र सिंह के मुताबिक, गुरविंदर सिंह फिलहाल बोलने की स्थिति में नहीं है।

पंजाब में कहां का रहने वाला है, जानकारी नहीं
पवित्र सिंह ने बताया कि गुरविंदर सिंह पंजाब के किस जिले या शहर का रहने वाला है, इसकी अभी जानकारी नहीं मिल पाई है। अस्पताल में उसका इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। हालांकि, अभी तक पुलिस की ओर से हमले के आरोपी की पहचान या गिरफ्तारी को लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई है।

पंजाबी समुदाय में घटना को लेकर गुस्सा
कथित नस्लीय हमले की खबर सामने आने के बाद अमेरिका में रहने वाले पंजाबी समुदाय के लोगों में नाराजगी है। समुदाय के लोगों का कहना है कि पंजाबियों के खिलाफ कथित हेट स्पीच और हमलों की घटनाएं चिंता बढ़ा रही हैं। पंजाबी समुदाय से जुड़े लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि ऐसी घटनाओं को स्थानीय मीडिया में पर्याप्त कवरेज नहीं मिलती, जिससे पीड़ितों की आवाज व्यापक स्तर पर सामने नहीं आ पाती।

सोशल मीडिया पर सामने आया घटना का वीडियो
घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है। पवित्र सिंह नाम के इंस्टाग्राम यूजर द्वारा शेयर किए गए वीडियो में रोडसाइड रेस्ट एरिया में ट्रक नंबर 11240 खड़ा दिखाई दे रहा है। वीडियो में आसपास खून के निशान भी नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि ट्रक से करीब 100 मीटर की दूरी तक खून बिखरा मिला। सोशल मीडिया पर किए जा रहे दावों में हमलावर को गोरा बताया जा रहा है, लेकिन उसकी पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *