loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 18°C
Breaking News

अमृतसर में निहंग की गोली मारकर हत्या, बाबा बकाला के मेले से लौटने के बाद मिला शव

भारत इंफो : अमृतसर में देर रात एक निहंग की गोली मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान राजा सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि राजा सिंह शुक्रवार को बाबा बकाला साहिब में चल रहे प्रसिद्ध रखड़ पुणया मेले में शामिल होने पहुंचे थे। इसके बाद देर रात उनका शव सिविल अस्पताल के पीछे सुनसान इलाके में बरामद हुआ।

शरीर पर मिले कई गोलियों के निशान
जानकारी के अनुसार, राजा सिंह के शरीर पर गोलियों के कई निशान मिले हैं। शुरुआती जांच के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि हमलावरों ने बेहद नजदीक से उन्हें निशाना बनाया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया।

पुरानी रंजिश को लेकर विवाद की आशंका
पुलिस को शुरुआती जांच में आशंका है कि हत्या के पीछे किसी पुरानी रंजिश या विवाद का हाथ हो सकता है। माना जा रहा है कि मेले के दौरान या मेले से लौटने के बाद राजा सिंह का किसी के साथ विवाद हुआ होगा, जिसके बाद उन पर गोलियां चलाई गईं। हालांकि हत्या की असल वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाने के साथ ही संदिग्ध आरोपियों की तलाश में भी जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के बाद ही हत्या के कारण और वारदात में शामिल आरोपियों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *