loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 29°C
Breaking News

मनी लॉन्ड्रिंग जांच में फिर ED के सामने पेश हुए विधायक रमन अरोड़ा

भारत इंफो : जालंधर सेंट्रल से आम आदमी पार्टी के विधायक Raman Arora गुरुवार को एक बार फिर प्रवर्तन निदेशालय (ED) के दफ्तर में पेश हुए। ED कार्यालय में जाते हुए उनकी तस्वीरें भी सामने आई हैं। हालांकि दफ्तर पहुंचने से पहले उन्होंने मीडिया से दूरी बनाए रखी और किसी भी सवाल का जवाब नहीं दिया। आज ही फरीदकोट के पूर्व कांग्रेसी विधायक किक्की ढिल्लों भी दस्तावेजों के साथ ED कार्यालय पहुंचे थे।

पहले भी हो चुकी है लंबी पूछताछ
कुछ दिन पहले भी ED ने रमन अरोड़ा को पूछताछ के लिए नोटिस जारी किया था। उस दौरान एजेंसी के अधिकारियों ने उनसे कई घंटों तक सवाल-जवाब किए थे। पिछली पेशी में विधायक रमन अरोड़ा अपने साथ जरूरी दस्तावेज लेकर पहुंचे थे और ED अधिकारियों ने उनसे करीब साढ़े आठ घंटे तक पूछताछ की थी। अब एक बार फिर उन्हें जांच के सिलसिले में तलब किया गया है।

विजिलेंस केस के आधार पर शुरू हुई ED की जांच
रमन अरोड़ा पंजाब विधानसभा में जालंधर सेंट्रल निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। पंजाब विजिलेंस ब्यूरो द्वारा दाखिल चार्जशीट में उन पर जालंधर में दुकानों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से कथित वसूली में शामिल होने के आरोप लगाए गए थे। इसी मामले में दर्ज FIR को आधार बनाकर ED ने मनी लॉन्ड्रिंग एंगल से जांच शुरू की है और वित्तीय लेन-देन से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है।

बेहिसाब संपत्ति के आरोपों की भी जांच
विजिलेंस ब्यूरो की जांच कथित तौर पर 1.10 करोड़ रुपये की बेहिसाब संपत्ति से जुड़े आरोपों पर केंद्रित है। एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि संबंधित संपत्तियों और वित्तीय लेन-देन के स्रोत क्या थे तथा क्या इनमें किसी प्रकार की अनियमितता हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *