loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 38°C
Breaking News

पूर्व विधायक किक्की ढिल्लों से ED की दोबारा पूछताछ, दस्तावेजों के साथ पहुंचे जालंधर

भारत इंफो : फरीदकोट के पूर्व कांग्रेसी विधायक कुशलदीप सिंह ढिल्लों उर्फ किक्की ढिल्लों गुरुवार को एक बार फिर जालंधर स्थित प्रवर्तन निदेशालय (ED) कार्यालय में पेश हुए। वह अपने साथ जरूरी दस्तावेज लेकर पहुंचे हैं, जहां अधिकारियों द्वारा मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामले में उनसे पूछताछ की जा रही है।

पहले भी 9 घंटे चली थी पूछताछ
पिछली बार जब किक्की ढिल्लों ED कार्यालय में पेश हुए थे, तब अधिकारियों ने उनसे करीब 9 घंटे तक पूछताछ की थी। इस बार भी जांच एजेंसी ने सवालों की एक विस्तृत सूची तैयार की है, जिसके आधार पर उनसे विभिन्न पहलुओं पर जवाब मांगे जा रहे हैं। वह पहले ही कह चुके हैं कि मामला फिलहाल अदालत में विचाराधीन है, इसलिए वह इस संबंध में सार्वजनिक तौर पर अधिक टिप्पणी नहीं कर सकते।

विजिलेंस ने 2023 में दर्ज किया था मामला
किक्की ढिल्लों के खिलाफ मई 2023 में पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने आय से अधिक संपत्ति के आरोपों में मामला दर्ज किया था। इसके बाद उन्हें गिरफ्तार भी किया गया था। जांच में आरोप लगाया गया था कि वर्ष 2017 से 2022 के बीच उन्होंने लगभग 10.72 करोड़ रुपये खर्च किए, जबकि उनकी घोषित आय करीब 3.18 करोड़ रुपये थी।

7.53 करोड़ रुपये के स्रोत पर उठे थे सवाल
जांच एजेंसियों के अनुसार खर्च और आय के बीच करीब 7.53 करोड़ रुपये का अंतर पाया गया था। आरोप है कि इस राशि के स्रोत के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं दिया जा सका। इसी आधार पर विजिलेंस ब्यूरो ने मामले की जांच आगे बढ़ाई और अदालत में चार्जशीट भी दाखिल कर दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *