Wednesday, October 28, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 19°C
Breaking News

जम्मू-कश्मीर जा रही बस पर दोराहा के पास पथराव, यात्री बाल-बाल बचे

एक ही ट्रांसपोर्ट कंपनी की बस पर लगातार दूसरी घटना, पुलिस ने शुरू की जांच

भारत इंफो, दोराहा

दिल्ली से श्रीनगर जा रही यात्रियों से भरी एक निजी बस पर रविवार देर रात पंजाब के दोराहा के पास अज्ञात लोगों ने पथराव कर दिया। पत्थर लगने से बस की खिड़की का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया और यात्रियों में दहशत फैल गई। गनीमत रही कि घटना में कोई यात्री घायल नहीं हुआ।

सबसे चिंताजनक बात यह है कि इसी ट्रांसपोर्ट कंपनी की जम्मू-कश्मीर जाने वाली एक अन्य बस को इससे एक दिन पहले हरियाणा के करनाल जिले में भी निशाना बनाया गया था। लगातार दो घटनाओं के बाद यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 11:15 बजे दोराहा के पास बस पर पथराव किया गया। बस चालक ने तुरंत पुलिस हेल्पलाइन 112 पर सूचना दी। इसके बाद खन्ना पुलिस मौके पर पहुंची और यात्रियों को सुरक्षित रखने के लिए बस को अपने क्षेत्र से बाहर तक पुलिस सुरक्षा में रवाना किया।

करनाल में भी हुआ था हमला

इससे पहले हरियाणा के करनाल जिले के नीलोखेड़ी के पास एक ढाबे पर पार्किंग को लेकर हुए विवाद के बाद इसी कंपनी की बस पर पत्थर और ईंटें फेंकी गई थीं। उस घटना में एक यात्री और एक कर्मचारी घायल हुए थे।

खन्ना पुलिस अब करनाल पुलिस के साथ समन्वय कर दोनों घटनाओं के बीच संभावित संबंध की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, फिलहाल व्यक्तिगत रंजिश या शरारत की आशंका सहित विभिन्न पहलुओं पर जांच की जा रही है। अभी तक किसी सांप्रदायिक या धार्मिक कारण की पुष्टि नहीं हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *