पारिवारिक विवाद के बाद सरकारी हथियार से की फायरिंग, दो दिन की छुट्टी पर था पुलिसकर्मी
भारत इंफो, मानसा
पंजाब के मानसा में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां डिप्टी कमिश्नर (डीसी) की सुरक्षा में तैनात एक पुलिसकर्मी ने कथित तौर पर पारिवारिक विवाद के बाद अपनी पत्नी और दो बेटों पर सरकारी हथियार से गोलियां चला दीं। इसके बाद उसने खुद को भी गोली मार ली। घटना में पुलिसकर्मी और उसके एक बेटे की मौत हो गई, जबकि पत्नी और दूसरा बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतक पुलिसकर्मी की पहचान गुरविंदर सिंह के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घर में परिवार के सदस्यों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसी दौरान गुरविंदर सिंह ने कथित तौर पर अपने सरकारी हथियार से पत्नी और दोनों बेटों पर फायरिंग कर दी। इसके बाद उसने खुद को भी गोली मार ली।
गोली लगने से गुरविंदर सिंह और उसके एक बेटे की मौत हो गई, जबकि पत्नी और दूसरा बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को बेहतर उपचार के लिए बठिंडा के अस्पताल में रेफर किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, गुरविंदर सिंह मानसा के डिप्टी कमिश्नर के साथ सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात था। वह पिछले दो दिनों से छुट्टी पर था और इस दौरान अपना सरकारी हथियार भी अपने साथ ले गया था। मानसा के एसएसपी वैभव चौधरी मौके पर पहुंच चुके हैं।