वृंदावन गौ सेवा वेलफेयर प्रोटेक्शन सोसाइटी के प्रमुख राज और वाइस प्रेसिडेंट संदीप लखनपाल समेत अन्य पदाधिकारियों ने जताया विरोध; तेजधार हथियारों से हमला करने का आरोप, पुलिस ने संभाली स्थिति
भारत इंफो, जालंधर
स्थानीय गुरु नानकपुरा मेन मार्केट के साथ लगते झुग्गी क्षेत्र में स्थित गौशाला को लेकर उस समय हंगामा हो गया, जब वृंदावन गौ सेवा वेलफेयर प्रोटेक्शन सोसाइटी के पदाधिकारी कथित नाजायज कब्जा छुड़वाने के लिए मौके पर पहुंचे। सोसाइटी के प्रमुख राज, वाइस प्रेसिडेंट संदीप लखनपाल समेत अन्य पदाधिकारियों ने मामले का कड़ा विरोध जताया। इस दौरान गौशाला का प्रबंध करने के लिए रखे गए संबंधित व्यक्ति और उसके समर्थकों पर तेजधार हथियारों से हमला करने का आरोप लगाया गया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।
सोसाइटी के वाइस प्रेसिडेंट संदीप लखनपाल ने बताया कि गुरु नानकपुरा में मार्केट के पेट्रोल पंप के पीछे स्थित झुग्गी क्षेत्र में गायों की सेवा और गोदान के उद्देश्य से गौशाला का गठन किया गया था। गौशाला में गायों की देखभाल और रखरखाव के लिए एक व्यक्ति को जिम्मेदारी सौंपी गई थी। लखनपाल के आरोपों के मुताबिक, कुछ समय बाद उक्त व्यक्ति गौशाला के लिए मिलने वाले दान में कथित तौर पर हेराफेरी करने लगा। उन्होंने गायों को बूचड़खाने में बेचने का आरोप भी लगाया। उनका कहना है कि अब गौशाला की आड़ में कथित तौर पर नाजायज कब्जा भी किया जा रहा था।
संदीप लखनपाल के अनुसार, इसी कब्जे को छुड़वाने के लिए जब सोसाइटी के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे तो संबंधित व्यक्ति ने अपने समर्थकों के साथ कथित तौर पर तेजधार हथियारों से उन पर हमला करने का प्रयास किया, जिससे मौके पर तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया।