Thursday, November 19, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 14°C
Breaking News

जालंधर में जातिसूचक शब्द कहने पर कारोबारी के खिलाफ सड़कों पर उतरे लोग, पुलिस ने दिया पर्चा दर्ज करने का भरोसा

भारत इंफो : जालंधर शहर के श्री गुरु रविदास चौक पर दलित समाज और स्थानीय लोगों ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए जोरदार धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया है। यह आक्रोश एक स्थानीय कारोबारी और गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान रविंद्र चौधरी के बेटे के साथ हुई अभद्रता के विरोध में फूटा है। आरोप है कि युवक का रास्ता रोककर उसे न केवल जातिसूचक शब्द कहे गए, बल्कि पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकी भी दी गई। घटना से गुस्साए प्रदर्शनकारियों ने चौक के दोनों तरफ की सड़कें जाम कर दी हैं, जिससे पूरे इलाके में यातायात पूरी तरह ठप हो गया है और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

बैंक कॉलोनी शू मार्केट के पास शुरू हुआ था विवाद
पीड़ित पक्ष के अनुसार, यह पूरा विवाद बैंक कॉलोनी शू मार्केट के नजदीक उस समय शुरू हुआ, जब फुटवियर का कारोबार करने वाले वरुण महाजन उर्फ बिट्टू महाजन ने रविंद्र चौधरी के बेटे का रास्ता रोक लिया। आरोप है कि आरोपी ने सरेआम जातिसूचक गालियां दीं और अपनी पिस्तौल निकालकर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित परिवार का कहना है कि दिवाली के त्योहार के कारण उन्होंने उस दिन मामले को तूल नहीं दिया, लेकिन दो दिन बाद पुलिस को लिखित शिकायत सौंपी गई।

पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल, थाने के सीसीटीवी जांचने की मांग
प्रदर्शनकारियों और समाज के प्रतिनिधियों ने पुलिस पर मामले को दबाने और टालमटोल करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि शिकायत के बावजूद पुलिस ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। लोगों ने यह भी दावा किया कि जब आरोपी को थाने बुलाया गया, तो उसने वहां मौजूद एसएचओ और पार्षदों के सामने भी अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और धमकियां दीं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि यदि थाने में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की निष्पक्ष जांच की जाए, तो सारा सच सामने आ जाएगा।

FIR और लाइसेंस रद्द न होने तक जारी रहेगा आंदोलन
धरने पर बैठे लोगों और वकीलों ने पुलिस प्रशासन को दो टूक चेतावनी दी है कि जब तक आरोपी के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट (SC/ST Act) के तहत तुरंत एफआईआर दर्ज नहीं की जाती और उसके हथियार का लाइसेंस रद्द नहीं किया जाता, तब तक यह धरना अनिश्चितकाल के लिए जारी रहेगा। प्रदर्शनकारियों ने ऐलान किया है कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला, तो आने वाले दिनों में पूरे जालंधर शहर को बंद करने की कॉल दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *