2017 में सैन्य कार्रवाई के दौरान हजारों लोगों की हुई थी हत्या, 7 लाख से अधिक रोहिंग्या को छोड़ना पड़ा था देश
भारत इंफो, द हेग
संयुक्त राष्ट्र की सर्वोच्च अदालत अंतरराष्ट्रीय न्यायालय (ICJ) ने म्यांमार को रोहिंग्या मुस्लिम समुदाय के नरसंहार का दोषी ठहराते हुए ऐतिहासिक फैसला सुनाया है। अदालत ने 9-6 के बहुमत से माना कि म्यांमार ने रोहिंग्या समुदाय के खिलाफ नरसंहार से जुड़े अंतरराष्ट्रीय कानूनों का उल्लंघन किया।
यह मामला वर्ष 2019 में अफ्रीकी देश गाम्बिया ने दायर किया था। आरोप था कि म्यांमार की सेना ने अगस्त 2017 में रखाइन प्रांत में रोहिंग्या मुसलमानों के खिलाफ सुनियोजित हिंसा, हत्याएं, सामूहिक दुष्कर्म और आगजनी की थी। इस सैन्य कार्रवाई के बाद 7 लाख से अधिक रोहिंग्या मुसलमानों को जान बचाकर बांग्लादेश भागना पड़ा था। हजारों लोगों की मौत हुई और लाखों लोग आज भी शरणार्थी शिविरों में रहने को मजबूर हैं।
म्यांमार ने आरोपों को खारिज करते हुए सैन्य कार्रवाई को आतंकवाद विरोधी अभियान बताया था, लेकिन अंतरराष्ट्रीय अदालत ने उसके बचाव को स्वीकार नहीं किया। फैसले के बाद म्यांमार पर नरसंहार रोकने, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने और पीड़ितों को न्याय दिलाने की अंतरराष्ट्रीय जिम्मेदारी और बढ़ गई है। ICJ का फैसला बाध्यकारी होता है और इसके खिलाफ अपील का प्रावधान नहीं है।