Thursday, November 19, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 14°C
Breaking News

सैफ अली खान को फिर मिली जान से मारने की धमकी, बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के आरोपी जीशान अख्तर का नाम आया सामने; मुंबई पुलिस ने शुरू की जांच

फोन पर भेजे गए वॉयस मैसेज में दी गई धमकी, कहा– बाबा सिद्दीकी जैसा होगा अंजाम

पुलिस जांच रही ऑडियो की असलियत और AI से छेड़छाड़ की आशंका

भारत इंफो, मुंबई

बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान को एक बार फिर जान से मारने की धमकी मिलने से फिल्म इंडस्ट्री में हड़कंप मच गया है। इस बार धमकी कथित तौर पर बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में वांछित आरोपी जीशान अख्तर के नाम से दी गई है। मुंबई पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने में जुटी है कि धमकी वास्तव में जीशान अख्तर ने दी है या किसी अन्य व्यक्ति ने उसकी पहचान का इस्तेमाल किया है।

 

वॉयस मैसेज में दी गई धमकी

पुलिस अधिकारी के मुताबिक, सैफ अली खान के फोन पर एक वॉयस मैसेज आया, जिसमें कथित तौर पर कहा गया कि उनका भी वही अंजाम होगा जो एनसीपी नेता और पूर्व महाराष्ट्र मंत्री बाबा सिद्दीकी का हुआ था।पुलिस इस ऑडियो मैसेज की प्रामाणिकता की जांच कर रही है। जांच का एक अहम पहलू यह भी है कि कहीं किसी ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक का इस्तेमाल करके किसी दूसरे व्यक्ति की आवाज में धमकी तो नहीं दी।

बाबा सिद्दीकी हत्याकांड से जुड़ा है जीशान अख्तर का नाम

जीशान अख्तर बाबा सिद्दीकी हत्याकांड का वांछित आरोपी है। 12 अक्टूबर 2024 को मुंबई के बांद्रा इलाके में बाबा सिद्दीकी की उनके बेटे जीशान सिद्दीकी के कार्यालय के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जांच एजेंसियों के मुताबिक, इस हत्याकांड में जीशान अख्तर की भूमिका की जांच की गई थी और वह फरार आरोपियों में शामिल है।

पहले भी कई बॉलीवुड सितारों को मिल चुकी हैं धमकियां

सैफ अली खान से पहले अभिनेता आयुष्मान खुराना और तुषार कपूर को भी धमकी और जबरन वसूली से जुड़े संदेश मिल चुके हैं। इन मामलों में मुंबई पुलिस ने बेंगलुरु के 30 वर्षीय IIT ग्रेजुएट वैभव मिश्रा को गिरफ्तार किया था। आरोप है कि उसने AI तकनीक का इस्तेमाल कर गैंगस्टर के नाम पर फिल्मी सितारों को धमकियां दी थीं। पुलिस के मुताबिक, उसका किसी आपराधिक गिरोह से संबंध नहीं पाया गया था।

गौरतलब है कि जनवरी 2025 में भी सैफ अली खान पर उनके बांद्रा स्थित घर में एक घुसपैठिए ने चाकू से हमला किया था। इस हमले में अभिनेता गंभीर रूप से घायल हुए थे और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। फिलहाल मुंबई पुलिस नए धमकी भरे संदेश के स्रोत और इसके पीछे शामिल व्यक्ति की पहचान करने में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *