योगी आदित्यनाथ ने दी 2027 चुनाव से पहले दी सीधी चुनौती
गोरखपुर में जनसभा के दौरान सपा प्रमुख को ललकारा, बोले– समर्थकों के जरिए नहीं, आमने-सामने हो मुकाबला
भारत इंफो, गोरखपुर
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज होती नजर आ रही हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को अयोध्या विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की खुली चुनौती दी है। योगी ने साफ कहा कि अगर अखिलेश यादव अयोध्या से अपना नामांकन दाखिल करते हैं तो वह भी उसी सीट से चुनाव मैदान में उतरेंगे।
गुरुवार को गोरखपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा, “अगर आप वहां से अपना नामांकन दाखिल करेंगे तो मैं भी अपना नामांकन दाखिल करूंगा। मुकाबला सीधा और आमने-सामने का होना चाहिए।” योगी का यह बयान ऐसे समय आया है, जब उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा और समाजवादी पार्टी के बीच राजनीतिक टकराव तेज हो रहा है।
अखिलेश पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उनमें सीधे मुकाबले का साहस नहीं है। उन्होंने कहा कि कमजोर व्यक्ति हमेशा पीछे से वार करता है। योगी ने समाजवादी पार्टी पर माफिया तत्वों को संरक्षण देने, युवाओं के रोजगार में बाधा डालने और महिलाओं तथा व्यापारियों की सुरक्षा को खतरे में डालने के आरोप भी लगाए।
सपा को कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर घेरा
योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर प्रदेश में गुंडागर्दी, अराजकता, दंगों और कर्फ्यू की राजनीति को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि माफिया गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
अयोध्या सीट क्यों बनी सियासी प्रतिष्ठा का सवाल
अयोध्या उत्तर प्रदेश की राजनीति में भाजपा के लिए बेहद महत्वपूर्ण राजनीतिक और धार्मिक केंद्र रही है। 2024 के लोकसभा चुनाव में फैजाबाद संसदीय सीट पर भाजपा की हार के बाद अयोध्या को लेकर विपक्ष लगातार भाजपा पर हमलावर रहा है। अखिलेश यादव ने पहले योगी आदित्यनाथ को अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती दी थी। इसके जवाब में योगी ने अब शर्त रख दी है कि अखिलेश खुद वहां से नामांकन दाखिल करें तो वह भी मुकाबले के लिए तैयार हैं। फिलहाल यह राजनीतिक चुनौती है, किसी भी नेता की अयोध्या से विधानसभा चुनाव लड़ने की आधिकारिक उम्मीदवारी की घोषणा नहीं। लेकिन इस बयान ने 2027 के चुनाव से पहले यूपी की सियासत में एक नई बहस जरूर छेड़ दी है।