दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे अमृतपाल सिंह
21 नवंबर को जल्लूपुर खेड़ा पहुंचेंगे खडूर साहिब के सांसद, कड़ी पुलिस सुरक्षा में होगी यात्रा; अदालत ने दोपहर 12 से 3 बजे तक दी तीन घंटे की अनुमति
भारत इंफो, अमृतसर
खडूर साहिब से सांसद और ‘वारिस पंजाब दे’ संगठन के प्रमुख अमृतपाल सिंह के अपनी दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए असम की डिब्रूगढ़ जेल से पैतृक गांव जल्लूपुर खेड़ा पहुंचने और वापस जाने के लिए यात्रा और सुरक्षा व्यवस्था पर आने वाले खर्च के लिए उनके परिवार ने अमृतसर ग्रामीण पुलिस के एसएसपी के खाते में 10 लाख रुपये जमा करवा दिए हैं। अमृतपाल सिंह 21 नवंबर को पंजाब पहुंचेंगे।
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, अमृतपाल सिंह की दादी चरण कौर (84) का 8 नवंबर को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था। परिवार ने उनके अंतिम संस्कार को अमृतपाल की मौजूदगी तक टाल दिया था। अमृतपाल को अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए अदालत ने तीन घंटे की कस्टडी पैरोल की अनुमति दी है। वह 21 नवंबर को दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक गांव में रह सकेंगे।
हवाई टिकटों पर खर्च होंगे करीब 7.84 लाख रुपये
रिपोर्ट के अनुसार अमृतपाल सिंह और उनके साथ आने वाले पांच पुलिसकर्मियों के हवाई टिकटों पर लगभग 7.84 लाख रुपये खर्च होंगे। यात्रा के लिए अमृतसर-दिल्ली-डिब्रूगढ़ रूट और वापसी की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा पुलिसकर्मियों के ठहरने, वाहनों और सुरक्षा संबंधी अन्य व्यवस्थाओं पर भी खर्च किया जाएगा। कुल अनुमानित खर्च 10,04,896 रुपये बताया गया है।अमृतपाल को पंजाब लाने के लिए डीएसपी की अगुवाई में पांच पुलिसकर्मियों की टीम डिब्रूगढ़ पहुंच चुकी है। पुलिस टीम उन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच पंजाब लेकर आएगी और अंतिम संस्कार के बाद वापस डिब्रूगढ़ जेल ले जाएगी।
भारी संख्या में संगत पहुंचने की उम्मीद, गांव में व्यापक तैयारियां
अमृतपाल सिंह के पिता तरसेम सिंह के मुताबिक, अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में संगत के पहुंचने की संभावना है। इसके मद्देनजर गांव में पार्किंग, यातायात, लंगर और अन्य व्यवस्थाएं की जा रही हैं। ‘वारिस पंजाब दे’ संगठन की ओर से भी करीब 300 सेवादारों की तैनाती की तैयारी है। अंतिम संस्कार के लिए गांव में परिवार की कृषि भूमि पर व्यवस्था की गई है। पुलिस और जिला प्रशासन ने भी परिवार के साथ बैठक कर सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन को लेकर तैयारियों की समीक्षा की है। गौरतलब है कि अमृतपाल सिंह अप्रैल 2023 से असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद हैं। 21 नवंबर को उनका पंजाब आना लगभग साढ़े तीन साल बाद अपने गृह राज्य में वापसी होगी। हालांकि यह यात्रा अदालत द्वारा निर्धारित शर्तों और कड़ी पुलिस निगरानी के तहत होगी।