मांगों की पूर्ति के लिए सरकारी-अर्धसरकारी संस्थानों, बोर्डों, निगमों और विश्वविद्यालयों के कर्मचारी होंगे लामबंद
भारत इंफो, जालंधर
पंजाब स्टेट मिनिस्टीरियल सर्विसेज यूनियन (PSMSU) पंजाब ने अपनी मांगों को लेकर 21 और 22 अक्टूबर को दो दिवसीय हड़ताल का ऐलान किया है। यूनियन की सांझा तालमेल कमेटी की ओर से जारी अपील में सभी सरकारी एवं अर्धसरकारी विभागों, बोर्डों, निगमों, कारपोरेशनों और विश्वविद्यालयों के कर्मचारियों से हड़ताल में बढ़-चढ़कर शामिल होने का आह्वान किया गया है।
यूनियन के प्रमुख पदाधिकारी तेजिंदर सिंह नंगल की तरफ से सोशल मीडिया पर उपलब्ध कराई गई जानकारी के मुताबिक यूनियन ने कर्मचारियों से दो दिन सामूहिक छुट्टी लेकर अपनी मांगों के समर्थन में एकजुटता दिखाने की अपील की है। इसके साथ ही जिला स्तर पर आयोजित रोष प्रदर्शनों में शामिल होने का भी आह्वान किया गया है। अपील करने वाले यूनियन के प्रमुख पदाधिकारियों में सुखबीर सिंह बठवाल, गुरनाम सिंह विरक, तरसेम सिंह भट्ठल और तेजिंदर सिंह नंगल के नाम शामिल हैं। संगठन का उद्देश्य कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर सरकार का ध्यान आकर्षित करना है।
हड़ताल के चलते विभिन्न सरकारी कार्यालयों के कामकाज पर असर पड़ने की संभावना है। हालांकि, हड़ताल के दौरान विभागीय सेवाओं पर पड़ने वाले वास्तविक प्रभाव की जानकारी संबंधित विभागों की ओर से ही स्पष्ट होगी।