मानसा, संगरूर और गुरदासपुर जाने की संभावना
भारत इंफो, जालंधर
केंद्रीय गृह मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित शाह 20 अक्टूबर को पंजाब दौरे पर आ सकते हैं। इस दौरान उनके मानसा, संगरूर और गुरदासपुर जाने तथा नशे से जुड़े मामलों में जान गंवाने वाले तीन लोगों के परिवारों से मुलाकात करने की संभावना है।
शाह मानसा में नशा विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा, संगरूर के तूर बनजारा गांव के गुलजार सिंह और गुरदासपुर जिले के श्री हरगोबिंदपुर के बिक्रमजीत सिंह के परिवारों से मिल सकते हैं। इन तीनों मामलों ने पंजाब में नशे के कारोबार और कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
मानसा में झोटा की हत्या के विरोध में प्रदर्शन जारी हैं। परिजनों और 21 सदस्यीय एक्शन कमेटी की मांग है कि मामले की सीबीआई जांच करवाई जाए और पंजाब के डीजीपी गौरव यादव इस्तीफा दें। परिवार ने अभी तक पोस्टमार्टम और अंतिम संस्कार की अनुमति भी नहीं दी है।
गृह मंत्रालय पहले ही तीनों मामलों में पंजाब सरकार से रिपोर्ट मांग चुका है। ऐसे में अमित शाह का यह दौरा राजनीतिक और प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। करीब 20 दिनों के भीतर उनका यह दूसरा पंजाब दौरा होगा।