देशव्यापी एकता अभियान में नशों के खिलाफ मजबूत संदेश देने के लिए पंजाब पुलिस के बाइकर्स ने की शिरकत
भारत इंफो, जालंधर
राष्ट्रीय एकता दिवस को समर्पित अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (एडीजीपी) एमएफ फारूकी द्वारा पीएपी कॉम्प्लेक्स जालंधर से राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह रैली देश की एकता, अखंडता और एकजुटता को प्रोत्साहित करने के लिए भारत के हर राज्य के मोटरसाइकिल सवारों को एक साझा मंच प्रदान करती है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए एडीजीपी ने बताया कि 10 मोटरसाइकिलों का दस्ता, जिसमें अन्य सहायक कर्मचारी भी शामिल हैं, आज पीएपी कैंपस से रवाना किया गया है, जो पंजाब पुलिस का प्रतिनिधित्व करता है। उन्होंने कहा कि ये मोटरसाइकिल सवार 21 अक्तूबर को नई दिल्ली पहुंचेंगे, जहां देश भर से आए अन्य मोटरसाइकिल राइडर्स द्वारा मोटरसाइकिल रैली में भाग लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि यहां से इस रैली को राष्ट्र स्तर की रैली के तहत हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा, जो 31 अक्तूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई जा रही परेड में शामिल होगी।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय एकता के विषय के अलावा पंजाब पुलिस की टुकड़ी द्वारा इस यात्रा के दौरान नशों के खिलाफ प्रभावी ढंग से प्रचार किया जाएगा। यात्रा के दौरान मोटरसाइकिल सवार स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर रुककर लोगों, खासकर युवाओं से सीधी बातचीत करेंगे। फारूकी ने बताया कि मोटरसाइकिल सवार अपने साथ शिक्षा और प्रेरणादायक सामग्री भी लेकर जाएंगे और वे लोगों को नशों से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए जागरूक करेंगे।