Friday, September 18, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 28°C
Breaking News

UPI ट्रांजैक्शन चार्ज पर जालंधर में बवाल, AAP ने किया जोरदार प्रदर्शन

भारत इंफो : जालंधर में आम आदमी पार्टी ने UPI के जरिए होने वाले चुनिंदा बड़े व्यापारिक लेनदेन पर Merchant Discount Rate (MDR) लागू करने के फैसले के विरोध में प्रदर्शन किया। AAP नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाजपा के खिलाफ रोष जताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका। प्रदर्शन के दौरान पार्टी नेताओं ने केंद्र सरकार से इस फैसले को वापस लेने की मांग की।

0.4 प्रतिशत MDR को लेकर AAP का विरोध
दरअसल, नए UPI ढांचे के तहत 15 अक्टूबर 2026 से ₹2,000 से अधिक के पात्र Person-to-Merchant (P2M) लेनदेन पर 0.4 प्रतिशत MDR लागू किया जाना है। ₹75,000 या उससे अधिक के लेनदेन पर MDR की अधिकतम सीमा ₹300 प्रति ट्रांजैक्शन रखी गई है। वहीं Person-to-Person (P2P) UPI ट्रांजैक्शन और ₹2,000 तक के P2M भुगतान पर यह MDR लागू नहीं होगा।

पहले ट्रांजैक्शन की आदत डलवाई, अब चार्ज लगाया- टीनू
प्रदर्शन के दौरान आदमपुर से AAP प्रभारी और पूर्व विधायक पवन कुमार टीनू ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने पहले लोगों को डिजिटल और ऑनलाइन ट्रांजैक्शन के लिए प्रोत्साहित किया और अब जब लोग इसकी आदत डाल चुके हैं तो बड़े UPI लेनदेन पर शुल्क लगाया जा रहा है।

सरकार के इस फैसले कारोबारियों पर बोझ पड़ेगा
टीनू ने इसे छोटे व्यापारियों के लिए नुकसानदायक बताते हुए कहा कि दुकानदार अब बड़ी संख्या में ऑनलाइन भुगतान स्वीकार करते हैं। उनके मुताबिक, इस फैसले से छोटे कारोबारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि नियम बड़े कारोबारियों और अंतरराष्ट्रीय अमेरिकी कंपनियों को फायदा पहुंचाने के उद्देश्य से लागू किया जा रहा है। छोटे व्यापारी अब डिजिटल भुगतान पर काफी हद तक निर्भर हो चुके हैं और उनके लिए सड़क पर उतरकर विरोध करना आसान नहीं है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी व्यापारियों के हित में इस मुद्दे को लेकर प्रदर्शन कर रही है।

नीतिन नबीन के पंजाब दौरे पर भी टीनू ने साधा निशाना
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतिन नबीन के प्रस्तावित पंजाब दौरे को लेकर भी पवन टीनू ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार की ओर से नशे के खिलाफ कार्रवाई, मुफ्त बिजली और स्मार्ट स्कूलों जैसे मुद्दों पर काम किया जा रहा है। टीनू ने भाजपा नेतृत्व को पंजाब के बजाय बिहार और गुजरात जैसे राज्यों पर ध्यान देने की सलाह दी।

उन्होंने नशे के मुद्दे को लेकर केंद्र सरकार और उसकी एजेंसियों पर भी सवाल उठाए। टीनू ने कहा कि सीमावर्ती राज्यों में नशे की समस्या को लेकर केंद्र की जिम्मेदारी बनती है और उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में केंद्र की एजेंसियां अपेक्षित कार्रवाई नहीं कर पा रही हैं।

AAP नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जताया विरोध
प्रदर्शन में जालंधर नॉर्थ निर्वाचन क्षेत्र के प्रभारी विनीत धीर, जिला अध्यक्ष अमृतपाल, आदमपुर के प्रभारी पवन कुमार टीनू, जालंधर कैंट प्रभारी राजविंदर कौर थियाड़ा समेत आम आदमी पार्टी के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए UPI पर प्रस्तावित MDR का विरोध किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *