Tuesday, September 15, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 33°C
Breaking News

दिल्ली भीषण अग्निकांड : रेस्टोरेंट में आग लगने से 20 लोगों की मौत, पीएम मोदी और CM रेखा गुप्ता ने जताया दुख

भारत इंफो : दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में स्थित लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट में बुधवार सुबह भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। आग की चपेट में आने से अब तक 20 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। राहत एवं बचाव दल ने अब तक 37 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला है। अधिकारियों को आशंका है कि मृतकों की संख्या में और बढ़ोतरी हो सकती है।

फायर ब्रिगेड को सुबह मिली सूचना
अधिकारियों के अनुसार दमकल विभाग को सुबह करीब 9 बजे आग लगने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 10 गाड़ियों को मौके पर रवाना किया गया। आग पर काबू पाने के लिए दो वॉटर टेंडर, दो वॉटर बाउजर, एक क्विक रिस्पॉन्स वाहन समेत अन्य फायर यूनिट्स को तैनात किया गया।

बेसमेंट से तीन लोगों का किया गया रेस्क्यू
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान बेसमेंट में फंसे तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। वहीं कई घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। राहत दल लगातार इमारत के भीतर तलाशी अभियान चला रहा है ताकि किसी भी फंसे हुए व्यक्ति को सुरक्षित निकाला जा सके।

ग्राउंड फ्लोर से शुरू हुई थी आग
स्थानीय लोगों के मुताबिक सुबह करीब 8:51 बजे इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर आग लगी थी। जब कांच तोड़ा गया तो आग तेजी से बेसमेंट की ओर फैल गई, जिससे हालात और गंभीर हो गए। रेस्टोरेंट परिसर में ठहरने की भी व्यवस्था थी। इसी कारण वहां कुछ विदेशी नागरिक भी मौजूद थे। प्रशासन सभी प्रभावित लोगों की पहचान और स्थिति का पता लगाने में जुटा हुआ है।

जान बचाने के लिए रेलिंग से कूदे लोग
घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि आग और धुएं से घिरे लोग अपनी जान बचाने के लिए इमारत की रेलिंग और ऊपरी हिस्सों से नीचे कूद रहे हैं। आग इतनी भीषण थी कि दूर-दूर तक काले धुएं का गुबार दिखाई दे रहा था।

दिल्ली की सीएम ने हादसे पर दुख जताया
वहीं इस हादसे में पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने दुख जताया है। वहीं मृतकों के परिजनों के लिए मुआवजे का ऐलान किया गया है। मृतकों के परिवारों को 2-2 लाख रुपए और हादसे में घायल हुए लोगों को 50-50 हजार रुपए देने की घोषणा की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *