loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 38°C
Breaking News

जयपुर में मौत का कहर: कुछ सेकंड में उजड़ गए 13 घर, सड़क पर बिखरी चीखें और लाशें

भारत इंफो : जयपुर के हरमाड़ा इलाके की लोहा मंडी में सोमवार दोपहर दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। एक तेज रफ्तार डंपर ने अचानक बेकाबू होकर एक के बाद एक 17 गाड़ियों को टक्कर मार दी। हादसे में 13 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 लोग घायल हुए हैं। चश्मदीदों के मुताबिक, टक्कर इतनी भयानक थी कि कई गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए। किसी का हाथ कट गया, तो किसी का पैर, सड़क पर अफरा-तफरी मच गई।

नशे में धुत था डंपर ड्राइवर
पुलिस ने बताया कि हादसा दोपहर करीब 1 बजे हुआ। डंपर लोहा मंडी पेट्रोल पंप की तरफ से रोड नंबर-14 से हाईवे पर चढ़ रहा था, तभी उसने सामने चल रही गाड़ियों को जोरदार टक्कर मार दी। डंपर ड्राइवर को मौके पर ही लोगों ने पकड़ लिया, जो नशे में धुत था। आरोपी ड्राइवर की पहचान कल्याण मीणा, निवासी विराटनगर, के रूप में हुई है। उसे पुलिस ने अस्पताल में भर्ती करवाया है।

13 की मौत, कई की हालत गंभीर
एडिशनल डीसीपी नॉर्थ बजरंग सिंह शेखावत ने बताया कि हादसे में अब तक 13 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। 7 शव एसएमएस हॉस्पिटल में रखे गए हैं तो वहीं 4 शव कांवटिया हॉस्पिटल के मॉर्च्युरी में रखवाए गए हैं। 1 शव CKS हॉस्पिटल में रखा गया है। घायलों में से 6 की हालत गंभीर बताई जा रही है।

कुछ सेकंड में सब खत्म हो गया
आगरा के रहने वाले नानजी भाई अपने परिवार के साथ खाटूश्यामजी जा रहे थे। उन्होंने बताया कि उनकी कार सड़क किनारे खड़ी थी, तभी पीछे से अचानक डंपर ने जोरदार टक्कर मारी। “हम समझ ही नहीं पाए कि क्या हुआ, सब कुछ कुछ सेकंड में खत्म हो गया।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
इस हादसे के बाद जयपुर शहर में शोक और आक्रोश का माहौल है। अस्पतालों के बाहर पीड़ित परिवारों का दर्दनाक मंजर देखने को मिला। कई लोग अपने प्रियजनों की लाशों की पहचान करने तक की हिम्मत नहीं जुटा पाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *