भारत इंफो : पंजाब के बठिंडा जिले के भैनी चूहर सिंह गांव में अब पतंग उड़ाने पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। गांव की पंचायत ने एक बैठक में सर्वसम्मति से यह फैसला लिया है। इसके बाद गांव में किसी भी तरह की पतंग उड़ाने की अनुमति नहीं होगी।
लोगों की सुरक्षा के कारण लिया फैसला
पंचायत का कहना है कि चाइना डोर, जिसे आम भाषा में गट्टू डोर कहा जाता है, गांव के लोगों और वहां से गुजरने वालों के लिए खतरनाक साबित हो रही है। इससे अब तक कई लोग गंभीर रूप से घायल हो चुके हैं। इन्हीं घटनाओं को ध्यान में रखते हुए पंचायत ने यह सख्त कदम उठाया है, ताकि किसी की जान खतरे में न पड़े।
हाल की घटनाओं से बढ़ी चिंता
हाल ही में समराला में चाइना डोर से गला कटने के कारण एक स्कूली छात्र की मौत हो गई थी। इसके अगले ही दिन लुधियाना के बाजार में भी एक महिला की चाइना डोर से गला कटने से जान चली गई। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने पंचायत को यह बड़ा फैसला लेने पर मजबूर कर दिया।
नियम तोड़ने पर होगी कार्रवाई
पंचायत ने साफ किया है कि गांव में अगर कोई भी व्यक्ति इस फैसले का उल्लंघन करता पाया गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पंचायत का कहना है कि यह फैसला सख्ती के लिए नहीं, बल्कि लोगों की जान बचाने के लिए लिया गया है।