भारत इंफो : पंजाब पुलिस ने पटियाला के सनौर क्षेत्र में आम आदमी पार्टी के विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा को अलॉट की गई सरकारी कोठी खाली कराने की कार्रवाई शुरू कर दी है। यह कोठी उन्हें विधायक होने के नाते पटियाला में आवंटित की गई थी।
कोर्ट से भगोड़ा घोषित होने के बाद हुई कार्रवाई
हरमीत सिंह पठानमाजरा को रेप केस में पटियाला की अदालत पहले ही भगोड़ा घोषित कर चुकी है। कोर्ट के इस फैसले के बाद पुलिस ने सरकारी कोठी को खाली कराने का कदम उठाया। इससे पहले भी पुलिस की ओर से कोठी खाली करने के लिए नोटिस चिपकाया गया था, लेकिन इसके बावजूद कोठी खाली नहीं की गई।
सोशल मीडिया पर लाइव आए MLA
जैसे ही कोठी खाली कराए जाने की सूचना सामने आई, हरमीत सिंह पठानमाजरा सोशल मीडिया पर लाइव हो गए। लाइव वीडियो में उन्होंने कहा कि यह सरकारी कोठी उन्हें बतौर विधायक अलॉट की गई है और वह अभी भी पंजाब विधानसभा के विधायक हैं।
सरकार पर उठाए सवाल
लाइव वीडियो में पठानमाजरा ने पंजाब सरकार पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अगर सरकार कार्रवाई करना चाहती है तो पहले आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल से कपूरथला हाउस खाली करवाया जाए। उनके इस बयान के बाद मामला और ज्यादा राजनीतिक रंग लेता नजर आ रहा है।