Wednesday, October 28, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 18°C
Breaking News

एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का ट्रॉफी टूर जालंधर में संपन्न, छह एशियाई टीमें खिताब के लिए भिड़ेंगी

27 अक्टूबर से शुरू होगा हॉकी का महाकुंभ, 5 नवंबर तक चलेगा टूर्नामेंट; पंजाब के हॉकी सितारों ने ट्रॉफी टूर को बनाया यादगार

 

भारत इंफो, जालंधर

हीरो एशियन चैंपियंस ट्रॉफी-2026 का ट्रॉफी टूर सोमवार को जालंधर पहुंचने के साथ संपन्न हो गया। यहां ट्रॉफी का हॉकी प्रेमियों और खेल जगत की प्रमुख हस्तियों ने जोरदार स्वागत किया। छह एशियाई टीमों के बीच खिताबी मुकाबले 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक खेले जाएंगे। जालंधर पहुंचने पर हॉकी पंजाब के अध्यक्ष नितिन कोहली, डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया, पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह, एसएसपी विजिलेंस ब्यूरो ओलंपियन हरप्रीत सिंह मंडेर और बलजीत सिंह ढिल्लों तथा अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी जगदीप सिंह गिल ने ट्रॉफी का स्वागत किया।

 

18 अक्टूबर को मोहाली से शुरू हुआ था सफर

ट्रॉफी टूर की शुरुआत 18 अक्टूबर को मोहाली के फेज-10 स्थित ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम से हुई थी। एक सप्ताह तक चले इस सफर के दौरान ट्रॉफी को पंजाब के उन विभिन्न शहरों और कस्बों में ले जाया गया, जिनका हॉकी के साथ गहरा नाता रहा है।

इस दौरान हॉकी के दिग्गज खिलाड़ियों ने ट्रॉफी का स्वागत किया। इनमें हरचरण सिंह, हरदीप सिंह ग्रेवाल, चांद सिंह, गगन अजीत सिंह, राजपाल सिंह, प्रभजोत सिंह, जुगराज सिंह, रमनदीप सिंह, धर्मवीर सिंह, रूपा सैनी, बलजीत कौर, बलजीत सिंह ढिल्लों, हरप्रीत सिंह मंडेर, रिपुदमन सिंह, जगदीप गिल और पद्मश्री हॉकी कोच बलदेव सिंह शामिल रहे। बठिंडा के जिला खेल अधिकारी एवं हॉकी कोच रूपिंदर सिंह बराड़ पूरे ट्रॉफी टूर के दौरान ट्रॉफी के साथ रहे।

 

छह टीमें खिताब के लिए दिखाएंगी दमखम

टूर्नामेंट में मेजबान भारत के अलावा जापान, दक्षिण कोरिया, बांग्लादेश, मलेशिया और चीन की टीमें हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता के लीग मुकाबले जालंधर के ओलंपियन सुरजीत हॉकी स्टेडियम में आयोजित किए जाएंगे, जबकि सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबलों की मेजबानी मोहाली स्थित ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *