भारत इंफो : पंजाब में बाबा साहब डॉ. बी.आर. अंबेडकर की प्रतिमा से छेड़छाड़ का एक और मामला सामने आया है। लुधियाना के बाद अब होशियारपुर के गांव बाड़ियां कलां में शरारती तत्वों द्वारा बाबा साहेब की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई। घटना के बाद इलाके में लोगों में रोष फैल गया और बड़ी संख्या में अनुयायी मौके पर एकत्र होने लगे।
पत्थर मारकर प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश
जानकारी के मुताबिक, गांव बाड़ियां कलां में बाबा साहेब डॉ. बी.आर. अंबेडकर की प्रतिमा को निशाना बनाया गया। आरोप है कि शरारती तत्वों ने प्रतिमा पर पत्थर मारे और उसे क्षतिग्रस्त करने की कोशिश की। इस घटना में प्रतिमा को नुकसान पहुंचने की बात सामने आई है। घटना की जानकारी मिलते ही बाबा साहब एससी समुदाय के लोग मौके पर पहुंचने लगे। घटना को लेकर लोगों में काफी नाराजगी देखने को मिली।
लगातार घटनाओं से संगठनों में चिंता
पंजाब में बाबा साहेब अंबेडकर की प्रतिमाओं से छेड़छाड़ की घटनाएं सामने आने के बाद विभिन्न संगठनों ने चिंता जताई है। संगठनों का कहना है कि ऐसी घटनाओं से सामाजिक माहौल प्रभावित हो सकता है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जरूरी है। घटना के बाद संगठनों और लोगों ने प्रशासन से आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।