loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 14°C
Breaking News

मोदी ने उद्योग जगत को याद दिलाया गांधी का 1930 का स्वदेशी संदेश, बोले- पिछली सरकारों के कड़वे अनुभव का असर अब भी कायम

FICCI के शताब्दी सम्मेलन में प्रधानमंत्री का संबोधन; बोले- मेरी बात नहीं सुननी तो कम से कम गांधी की सुनिए, आत्मनिर्भर भारत के लिए स्वदेशी उत्पादन को दें बढ़ावा

भारत इंफो, नई दिल्ली

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय उद्योग जगत से देश को आत्मनिर्भर बनाने और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने की अपील की है। दिल्ली के भारत मंडपम में फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (FICCI) के वार्षिक सम्मेलन और AGM को संबोधित करते हुए मोदी ने महात्मा गांधी के वर्ष 1930 के स्वदेशी संदेश का उल्लेख किया।

प्रधानमंत्री ने उद्योगपतियों से कहा कि लगभग 100 साल पहले महात्मा गांधी ने स्वदेशी और आत्मनिर्भरता का जो संदेश दिया था, आज भी देश को उसी दिशा में आगे बढ़ने की जरूरत है। मोदी ने उद्योग जगत को संबोधित करते हुए कहा, “अगर आप मेरी बात नहीं सुनना चाहते तो कम से कम गांधी जी की बात तो सुन लेते।” उन्होंने FICCI के 100 साल पूरे होने के संदर्भ में सवाल उठाया कि इतने वर्षों बाद भी देश को स्वदेशी और आत्मनिर्भरता का संदेश दोहराने की जरूरत क्यों पड़ रही है।

पिछली सरकारों के कड़वे अनुभव का भी किया जिक्र

प्रधानमंत्री ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि उद्योग जगत का पूर्व सरकारों के साथ अनुभव इतना कड़वा रहा है कि उसका असर आज भी उनके साथ संबंधों पर दिखाई देता है।उन्होंने कहा, “पिछली सरकारों के साथ आपके अनुभव इतने कड़वे रहे हैं कि उसका खामियाजा मुझे भुगतना पड़ रहा है। यह पुरानी सरकार नहीं है, यह मित्रों की सरकार है। यह दोस्ती निभाना जानती है।” मोदी ने उद्योगपतियों को बिना किसी संकोच के अपनी समस्याएं और सुझाव सीधे सरकार तक पहुंचाने का आग्रह किया।

दवाइयों के कच्चे माल के आयात पर जताई चिंता

प्रधानमंत्री ने भारत को दुनिया की फार्मेसी कहे जाने के बावजूद दवाइयों के कच्चे माल यानी एक्टिव फार्मास्यूटिकल इंग्रीडिएंट्स (API), बल्क ड्रग्स और इंटरमीडिएट्स के आयात पर निर्भरता को चिंता का विषय बताया। उन्होंने फार्मा कंपनियों से भारत में ही इनका उत्पादन बढ़ाने, नई तकनीक अपनाने और बड़े उत्पादन संयंत्र स्थापित करने की अपील की।

कृषि और खाद्य प्रसंस्करण में निवेश बढ़ाने पर जोर

मोदी ने उद्योग जगत से कृषि क्षेत्र में निवेश बढ़ाने की अपील करते हुए कहा कि भारतीय कंपनियों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों की मांग के अनुरूप उत्पाद तैयार करने चाहिए। उन्होंने भारतीय कृषि निर्यात में वैल्यू एडिशन और फूड प्रोसेसिंग को बढ़ावा देने की जरूरत बताई। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत गेहूं का निर्यात करता है, लेकिन ब्रेड का आयात करता है। इस स्थिति को बदलने के लिए घरेलू उत्पादन और प्रसंस्करण क्षमता बढ़ानी होगी।

भारतीय उपभोक्ताओं को भी मिले एक्सपोर्ट क्वालिटी

प्रधानमंत्री ने कंपनियों को यह मानसिकता बदलने की सलाह दी कि बेहतर गुणवत्ता वाले उत्पाद केवल विदेशों के लिए बनाए जाते हैं। उन्होंने कहा कि 140 करोड़ भारतीय भी अच्छी गुणवत्ता के उत्पादों के हकदार हैं। कंपनियां घरेलू उपभोक्ताओं को हल्के में न लें और भारत में भी अंतरराष्ट्रीय स्तर की गुणवत्ता सुनिश्चित करें।मोदी ने उद्योग जगत को अगले 20 वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखकर निवेश करने और ‘इंडिया फर्स्ट’ को अपनी व्यावसायिक रणनीति का आधार बनाने का आह्वान किया। उन्होंने देश की अर्थव्यवस्था की विकास दर लगभग 7 प्रतिशत रहने का अनुमान भी जताया और अक्टूबर में वस्तुओं के निर्यात के करीब 50 अरब डॉलर तक पहुंचने का उल्लेख किया। FICCI का यह सम्मेलन ‘भारत 2047’ की थीम पर आयोजित किया गया, जिसमें उद्योग जगत के प्रमुख प्रतिनिधियों, CEO, राजनयिकों और नीति निर्माताओं ने हिस्सा लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *