PPSC को बड़ा झटका, मुख्य परीक्षा के परिणाम और चयन प्रक्रिया को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर हाईकोर्ट का आदेश; पूरा रिकॉर्ड तलब
भारत इंफो, चंडीगढ़
पंजाब में PCS (Punjab Civil Services) अधिकारियों की भर्ती प्रक्रिया को लेकर बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने पंजाब लोक सेवा आयोग (PPSC) की ओर से शुरू की गई PCS भर्ती प्रक्रिया पर रोक लगा दी है। अदालत ने मामले में संबंधित पक्षों को नोटिस जारी करते हुए पूरी भर्ती का रिकॉर्ड तलब किया है। मामले की अगली सुनवाई 16 दिसंबर 2026 को होगी। बाबूशाही नेटवर्क की रिपोर्ट के मुताबिक, हाईकोर्ट में विभिन्न याचिकाकर्ताओं के वकीलों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने भर्ती प्रक्रिया पर अंतरिम रोक लगाने का आदेश दिया।
751 उम्मीदवारों के चयन पर उठे सवाल
दरअसल, PPSC ने 4 नवंबर को PCS मुख्य परीक्षा का परिणाम घोषित किया था। इसमें 751 उम्मीदवारों को इंटरव्यू राउंड के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया था। इसके बाद चयन सूची में कथित अनियमितताओं को लेकर अभ्यर्थियों ने सवाल उठाए और हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया। याचिकाकर्ताओं ने आरोप लगाया कि चयन सूची में लगातार क्रम वाले रोल नंबरों के कई समूह दिखाई दे रहे हैं। उनका दावा है कि 26 ऐसे समूहों में तीन या इससे अधिक लगातार रोल नंबर वाले कुल 86 उम्मीदवार शामिल हैं।
पंजाबी योग्यता और परीक्षा प्रक्रिया पर भी सवाल
याचिकाओं में पंजाबी भाषा की अनिवार्य योग्यता, आयु सीमा में बदलाव, एक से अधिक आवेदन और रोल नंबर जारी करने तथा परीक्षा केंद्रों पर प्रश्नपत्रों की सील और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी आपत्तियां उठाई गई हैं। याचिकाकर्ताओं ने पूरी भर्ती प्रक्रिया रद्द करने और कथित अनियमितताओं की CBI अथवा विशेष जांच दल (SIT) से जांच कराने की मांग भी की है।
अब 16 दिसंबर को होगी सुनवाई
हाईकोर्ट ने संबंधित पक्षों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है और PPSC से भर्ती प्रक्रिया का पूरा रिकॉर्ड पेश करने को कहा है। अदालत के अगले आदेश तक भर्ती प्रक्रिया पर लगी रोक का असर आगे की चयन संबंधी कार्रवाई पर पड़ेगा। इस घटनाक्रम से PCS परीक्षा में शामिल हुए हजारों अभ्यर्थियों के बीच असमंजस की स्थिति पैदा हो गई है। अब सभी की निगाहें 16 दिसंबर को होने वाली अगली सुनवाई पर टिकी हैं।