तेज हवाओं के बीच राइजिंग स्टार पीक के पास हुआ हादसा, रातभर चला बचाव अभियान
भारत इंफो, चंडीगढ
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में पैराग्लाइडिंग के दौरान हुए हादसे में बुल्गारिया के 47 वर्षीय पायलट की मौत हो गई, जबकि ब्रिटेन के 63 वर्षीय पैराग्लाइडर को सुरक्षित बचा लिया गया। हादसा रविवार दोपहर बीड़-बिलिंग से उड़ान भरने के बाद धर्मशाला के खनियारा-योल क्षेत्र में राइजिंग स्टार पीक के पास हुआ।
मृतक की पहचान मैक्सिम वैलेंटिनोविच गैवरिलिचेंको के रूप में हुई है, जबकि सुरक्षित बचाए गए ब्रिटिश नागरिक की पहचान स्टीफन एंटनी पर्डी के रूप में की गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तेज हवाओं और हवा के दबाव के कारण पैराग्लाइडर अनियंत्रित होने से हादसा हुआ। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
रातभर चला बचाव अभियान
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ), जिला प्रशासन और स्थानीय बचाव दल ने संयुक्त अभियान शुरू किया। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में बचाव दल रविवार रात करीब नौ बजे घटनास्थल की ओर रवाना हुए। रातभर चले अभियान के बाद सोमवार सुबह करीब 10 बजे ऑपरेशन पूरा हुआ। इस दौरान बुल्गारियाई पायलट का शव बरामद किया गया और ब्रिटिश नागरिक को सुरक्षित निकाल लिया गया। पुलिस के अनुसार, मैक्सिम 7 अक्टूबर को पर्यटक वीजा पर भारत आए थे। उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए जोनल अस्पताल धर्मशाला के शवगृह में रखा गया है। कांगड़ा के पुलिस अधीक्षक कुलभूषण वर्मा के अनुसार, मामले में आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।
पैराग्लाइडिंग की सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
इस हादसे ने बदलते मौसम और तेज हवाओं के बीच पैराग्लाइडिंग की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बीड़-बिलिंग देश-विदेश के पैराग्लाइडिंग प्रेमियों के बीच लोकप्रिय स्थल है। ऐसे में इस दुर्घटना के बाद मौसम की अनुकूलता, उड़ान संबंधी सुरक्षा नियमों और बचाव व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।