2027 विधानसभा चुनाव से पहले जलालाबाद और सीमावर्ती क्षेत्रों में पार्टी का जनाधार मजबूत करने की कोशिश
भारत इंफो, चंडीगढ़
पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले शिरोमणि अकाली दल ने अपनी राजनीतिक गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और जलालाबाद के पूर्व विधायक रमिंदर सिंह आवला शिरोमणि अकाली दल में शामिल हो गए हैं। अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी साझा करते हुए उनका पार्टी में स्वागत किया।
सुखबीर बादल ने अपनी पोस्ट में कहा कि वरिष्ठ कांग्रेस नेता और जलालाबाद के पूर्व विधायक रमिंदर सिंह आवला का शिरोमणि अकाली दल में स्वागत करना उनके लिए खुशी की बात है। उन्होंने विश्वास जताया कि आवला पार्टी को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएंगे।
जलालाबाद और सीमावर्ती क्षेत्र पर अकाली दल की नजर
सुखबीर बादल ने जलालाबाद से अपने राजनीतिक जुड़ाव का उल्लेख करते हुए कहा कि इस विधानसभा क्षेत्र ने उन्हें तीन बार सेवा करने का अवसर दिया है। उन्होंने दावा किया कि अकाली सरकारों के कार्यकाल के दौरान जलालाबाद में क्रांतिकारी विकास कार्य हुए थे उन्होंने उम्मीद जताई कि रमिंदर सिंह आवला के पार्टी में शामिल होने से जलालाबाद के साथ-साथ पूरे सीमावर्ती क्षेत्र में अकाली दल को मजबूती मिलेगी और 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
2027 के लिए सियासी समीकरण साधने की कोशिश
रमिंदर सिंह आवला का कांग्रेस से अकाली दल में आना पंजाब की राजनीति में आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है। जलालाबाद और सीमावर्ती इलाकों में राजनीतिक पकड़ मजबूत करने की अकाली दल की कोशिशों के बीच इस घटनाक्रम पर सबकी नजर रहेगी। हालांकि, इस राजनीतिक बदलाव का चुनावी असर कितना होगा, यह आने वाले समय में क्षेत्रीय समीकरणों और मतदाताओं की प्रतिक्रिया से स्पष्ट होगा।