Wednesday, October 28, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 18°C
Breaking News

जालंधर में पटाखा मार्केट लगाने का विवाद पहुंचा अदालत, ग्रामीणों को मिली राहत

भारत इंफो : जालंधर में दिवाली से पहले पटाखा मार्केट लगाने को लेकर विवाद एक बार फिर गहरा गया है। पठानकोट रोड स्थित गांव राओवाली में पटाखा मार्केट लगाने के लिए प्रशासन की ओर से जगह की मंजूरी दिए जाने के बाद ग्रामीणों ने इसका विरोध किया था। मामला अदालत तक पहुंचने के बाद अब प्रस्तावित जगह पर पटाखा मार्केट लगाने पर रोक लगा दी गई है।

पेट्रोल पंप और रिहायशी इलाके के पास मार्केट लगाने का विरोध
हर साल की तरह इस बार भी जालंधर में पटाखा मार्केट लगाने के लिए जगह को लेकर विवाद सामने आया है। इस बार प्रशासन की ओर से पठानकोट रोड पर गांव राओवाली में पटाखा कारोबारियों को मार्केट लगाने की मंजूरी दी गई थी। हालांकि, गांव के सरपंच और पेट्रोल पंप संचालकों ने इस फैसले का विरोध किया। ग्रामीणों का कहना था कि प्रस्तावित जगह के आसपास दो पेट्रोल पंप मौजूद हैं। ऐसे में पटाखों की बिक्री और इस्तेमाल के दौरान किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रह सकती है।

ग्रामीणों ने अदालत में दायर की याचिका
पटाखा मार्केट लगाए जाने के खिलाफ गांव राओवाली के निवासियों ने अदालत का रुख किया। ग्रामीणों ने याचिका दायर कर प्रस्तावित जगह पर मार्केट लगाने से रोकने की मांग की थी। अदालत ने याचिका पर सुनवाई के बाद पटाखा मार्केट लगाने पर रोक लगा दी। आदेश के मुताबिक, संबंधित जगह पर पटाखा मार्केट नहीं लगाई जा सकेगी।

सरपंच बोले- ग्रामीणों को पहले नहीं दी गई जानकारी
गांव राओवाली के सरपंच जसबीर सिंह राणा ने बताया कि उन्हें खबर प्रकाशित होने के बाद पता चला कि गांव के नजदीक पटाखा मार्केट लगाई जा रही है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में गांववासियों को पहले कोई जानकारी नहीं दी गई थी। अगर ग्रामीणों को पहले सूचना दी जाती तो वे समय रहते अपना विरोध दर्ज करवा सकते थे। उन्होंने बताया कि प्रशासन की ओर से जिस जगह को मार्केट के लिए आवंटित किया गया था, उसके आसपास दो पेट्रोल पंप हैं। ऐसे में पटाखा मार्केट लगने से सुरक्षा संबंधी खतरा पैदा हो सकता था।

सड़क पर जाम लगने की भी जताई आशंका
ग्रामीणों ने पटाखा मार्केट के कारण पठानकोट रोड पर यातायात प्रभावित होने की आशंका भी जताई थी। उनका कहना था कि मार्केट लगने से सड़क पर जाम की स्थिति बन सकती है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। इस मामले को लेकर गांववासियों ने डिप्टी कमिश्नर को ज्ञापन भी सौंपा था। हालांकि, कोई समाधान नहीं निकलने पर ग्रामीणों ने अदालत का दरवाजा खटखटाया। अब अदालत के आदेश के बाद प्रस्तावित जगह पर पटाखा मार्केट लगाने पर रोक लग गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *