Wednesday, October 28, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 18°C
Breaking News

परगट सिंह ने धान खरीद में 4,000 करोड़ रुपये के घोटाले का लगाया आरोप

पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष ने किया कुक्कड़ पिंड की दाना मंडी का दौरा, किसानों की समस्याएं सुनीं

निजी एजेंसियों के साथ प्रति बारदाना 200 रुपये के कथित सौदे का लगाया आरोप

भारत इंफो, जालंधर

पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष परगट सिंह ने आम आदमी पार्टी सरकार पर पंजाब में धान खरीद में करीब 4,000 करोड़ रुपये के घोटाले का गंभीर आरोप लगाया है। विधानसभा क्षेत्र जालंधर छावनी के अंतर्गत आते गांव कुक्कड़ पिंड स्थित दाना मंडी का दौरा कर धान की खरीद और लिफ्टिंग की स्थिति का जायजा लेते हुए परगट सिंह ने आरोप लगाया कि सरकार ने शैलरों और निजी एजेंसियों के साथ प्रति बारदाना 200 रुपये का कथित सौदा किया है। सरकार की ओर से समय रहते कोई ठोस एडवांस प्लानिंग नहीं किए जाने के कारण किसानों को मंडियों में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। परगट सिंह ने आरोप लगाया कि मंडियों में लिफ्टिंग की जिम्मेदारी व्यवस्थित ढंग से निभाने के बजाय सरकार ने एक चहेते शैलर को ठेका दे दिया है, जिससे मनमानी की स्थिति पैदा हो रही है।

मंडी में किसानों की समस्याएं सुनने के बाद परगट सिंह ने मौके पर ही खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को फोन पर खरीद तथा लिफ्टिंग में हो रही देरी को लेकर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि सरकार के दावों और जमीनी हकीकत में बड़ा अंतर है। मंडियों में धान की आवक के अनुरूप खरीद और लिफ्टिंग की व्यवस्था नहीं की गई, जिसका सीधा नुकसान किसानों को उठाना पड़ रहा है।

उन्होंने सवाल उठाया कि जब खरीद और लिफ्टिंग के लिए पर्याप्त व्यवस्था की जरूरत थी, तो सरकार ने एक ही एजेंसी पर निर्भर रहने का फैसला क्यों किया? उन्होंने आशंका जताई कि ऐसी व्यवस्था के कारण किसानों और आढ़तियों के बीच टकराव की स्थिति पैदा हो रही है और किसानों को अपनी फसल बेचने के लिए अनावश्यक रूप से परेशान होना पड़ रहा है।

धान की खरीद बंद किए जाने संबंधी सवाल पर परगट सिंह ने कहा कि पंजाब में करीब 180 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद का लक्ष्य है। जब खरीद का लक्ष्य अभी पूरा नहीं हुआ, तो किसानों को खरीद बंद होने की बात कहकर परेशान करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि यह स्थिति सरकार की नाकामी और दूरदर्शी योजना के अभाव को उजागर करती है। सरकार को किसानों की फसल समय पर खरीदने और मंडियों से उसका उठान सुनिश्चित करने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने चाहिए।

इस मौके पर कुक्कड़ पिंड के सरपंच जगराज सिंह, अवतार सिंह, बलबीर सिंह, सुखबीर सिंह, कुलविंदर सिंह काका, बलविंदर सिंह बिल्ला, पार्षद पवन कुमार, पूर्व पार्षद प्रभदयाल भगत, मनमोहन सिंह सहित अन्य किसान और कांग्रेस नेता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *