Wednesday, October 28, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 18°C
Breaking News

जिले में कुल 15,25,450 मतदाता, पोलिंग स्टेशनों की संख्या 1997

योग्य मतदाताओं की सुविधा के लिए जिले के सभी पोलिंग बूथों पर अब 24 अक्तूबर को लगेंगे विशेष कैंप

जिला की अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल)-कम- अतिरिक्त जिला चुनाव अधिकारी अमनिंदर कौर ने राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की।

भारत इंफो, जालंधर

जिला की अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल)-कम- अतिरिक्त जिला चुनाव अधिकारी अमनिंदर कौर ने बताया है कि 12 अक्तूबर 2026 को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची के अनुसार जिले में कुल 15,25,450 मतदाता हैं, जिस में 7,78,194 पुरुष, 7,47,203 महिला और 53 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार जिले में पोलिंग स्टेशनों के रैशनालाइजेशन की प्रक्रिया पूरी हो गई है और इस दौरान जिले में पोलिंग स्टेशनों की कुल संख्या में कोई बदलाव नहीं किया गया तथा 9 विधान सभा क्षेत्रों में पहले की तरह ही 1997 पोलिंग स्टेशन है। उन्होंने बताया कि विधान सभा चुनाव क्षेत्र फिल्लौर में 244, नकोदर में 255, शाहकोट में 252, करतारपुर में 225, जालंधर पश्चिमी में 192, जालंधर केंद्रीय में 191, जालंधर नॉर्थ में 204, जालंधर कैन्ट में 218 तथा विधान सभा चुनाव क्षेत्र आदमपुर में 216 पोलिंग स्टेशन स्थापित किए गए है।

उन्होंने बताया कि योग्य मतदाताओं की सुविधा के लिए जिले के सभी पोलिंग बूथों पर 25 अक्तूबर को लगाए जाने वाले विशेष कैम्प अब 24 अक्तूबर (शनिवार) को दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक लगाए जा रहे हैं। इन शिविरों के दौरान बूथ लेवल अधिकारी (बी.एल.ओ.) अंतिम मतदाता सूची सहित उपस्थित रहेंगे और लोगों को अपना नाम जांचने में सहायता करेंगे। साथ ही, मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने से रह गए योग्य व्यक्तियों और पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं को नाम दर्ज करवाने के लिए आवश्यक सहायता प्रदान करेंगे। उन्होंने बताया कि शिविरों के दौरान योग्यता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार आवश्यक दस्तावेजों सहित फॉर्म नंबर 6, 6ए और 8 भरने तथा जमा करवाने में भी सहयोग किया जाएगा।

उन्होंने मतदाता सूची की विशेष सरसरी शुद्धीकरण-2027 को ध्यान में रखते हुए पोलिंग बूथों के रैशनालाइजेशन संबंधी जिले की सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की।

भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची की विशेष सरसरी शुद्धीकरण-2027 संबंधी जारी शेड्यूल के बारे में जानकारी साझा करते हुए उन्होंने बताया कि मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन 12 नवंबर 2026 को होगा, जिस पर 11 दिसंबर 2026 तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। प्राप्त दावों और आपत्तियों का निपटारा संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रेशन अधिकारियों द्वारा 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा तथा 4 जनवरी 2027 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। इस अवसर पर चुनाव तहसीलदार डा. दीपक राज भी मौजूद थे।

अतिरिक्त जिला चुनाव अधिकारी ने बताया कि जिला चुनाव कार्यालय और निर्वाचक रजिस्ट्रेशन कार्यालयों में हेल्प डेस्क भी स्थापित किए गए हैं, जिनके माध्यम से मतदाता अपना नाम अंतिम मतदाता सूची में चेक/वेरिफाई कर सकते हैं। इसके अलावा हेल्पलाइन नंबर 1950 पर कॉल करके कोई भी मतदाता अपनी वोट या मतदाता सूची संबंधी कोई भी सुविधा प्राप्त कर सकता है।

उन्होंने राजनीतिक पार्टियों को मतदाता सूची की विशेष सरसरी शुद्धीकरण के दौरान सहयोग देने और आम लोगों को इस संबंध में अधिक से अधिक जागरूक करने की अपील भी की। उन्होंने योग्य नागरिकों से अपील की कि वे अपना नाम अंतिम मतदाता सूची में जरूर चेक करें और यदि नाम दर्ज नहीं है तो निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पंजीकरण करवाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *