बीते रविवार को मुंबई के जुहू इलाके में हुई थी टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग
भारत इंफो, नई दिल्ली
बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर मुंबई के जुहू इलाके में हुई फायरिंग के मामले की जांच अब अमृतसर तक पहुंच गई है। सुरक्षा एजेंसियां उस व्यक्ति की तलाश कर रही हैं, जिसने हमले में इस्तेमाल की गई पिस्तौल और 20 कारतूस उपलब्ध करवाए थे। जांच से जुड़े सूत्रों के अनुसार, हथियार और गोला-बारूद अमृतसर के एक व्यक्ति के जरिए मुहैया करवाए गए थे। संदेह है कि उसने इन्हें पाकिस्तान से हासिल किया था। हालांकि, इस संबंध में जांच अभी जारी है।
घटना रविवार शाम की है, जब टाइगर श्रॉफ मुंबई के जुहू इलाके में एक फुटबॉल क्लब से कार में सवार होकर निकल रहे थे। इसी दौरान पुष्पा पार्क के पास उनकी कार पर तीन गोलियां चलाई गईं। अभिनेता इस हमले में सुरक्षित बच गए, जबकि उनके ड्राइवर को चोटें आईं।
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की जांच में हथियार की सप्लाई का तार अमृतसर से जुड़ने के बाद सुरक्षा एजेंसियां संबंधित व्यक्ति की तलाश में जुट गई हैं। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें हरियाणा के सोनीपत निवासी कुनाल (21) और सुमित (19), जबकि उत्तर प्रदेश की राधा (23) और बबीता (23) शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आए कुनाल का संपर्क अनिल पंडित नामक 32 वर्षीय गैंगस्टर से हुआ था। मूल रूप से पानीपत का रहने वाला अनिल पंडित फिलहाल अमेरिका में रह रहा है और कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़ा हुआ है। आरोप है कि उसके निर्देश पर कुनाल और सुमित अमृतसर से पिस्तौल और 20 कारतूस लेकर आए थे।
जांच के मुताबिक, कुनाल ने राधा को हथियार मुंबई ले जाने के लिए तैयार किया। राधा और बबीता 15 अक्टूबर को नई दिल्ली से रवाना हुईं और 17 अक्टूबर को मुंबई पहुंचीं। आरोप है कि होटल के पास एक नाबालिग लड़के ने राधा से बैग ले लिया। इसके अगले दिन शाम को टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग हुई।