Wednesday, September 16, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 36°C
Breaking News

जालंधर DAV कॉलेज में शूटिंग को लेकर बवाल, हथियार दिखाने का आरोप; अधिकारियों को शिकायत

भारत इंफो : जालंधर के DAV कॉलेज में कमर्शियल सॉन्ग शूट के दौरान कथित तौर पर हथियारों के प्रदर्शन और उन्हें लहराए जाने को लेकर शिकायत सामने आई है। कॉलेज केमिस्ट्री विभाग के प्रोफेसर और सामाजिक कार्यकर्ता मनदीप सिंह ने पंजाब सरकार, उच्च शिक्षा विभाग, GNDU, UGC, DAV कॉलेज मैनेजिंग कमेटी और जालंधर के जिला प्रशासन को लिखित शिकायत भेजकर मामले की प्रशासनिक जांच कराने की मांग की है।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सितंबर 2026 के दूसरे सप्ताह में कॉलेज कैंपस में एक कमर्शियल गाने और वीडियो की शूटिंग की अनुमति दी गई, जिसमें बड़ी संख्या में कथित तौर पर हथियारों का खुलेआम प्रदर्शन किया गया। शिकायतकर्ता ने इसे छात्र सुरक्षा और शैक्षणिक माहौल से जुड़ा गंभीर मामला बताया है।

कमर्शियल सॉन्ग शूट को लेकर उठाए सवाल
प्रोफेसर मनदीप सिंह की ओर से भेजी गई शिकायत के अनुसार, 14 सितंबर 2026 को Hulchul TV पर प्रसारित खबर और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सामने आए वीडियो क्लिप में कॉलेज परिसर में हथियार दिखाई देने का दावा किया गया है। शिकायत में कहा गया है कि शिक्षण संस्थान के कैंपस में इस तरह की शूटिंग की अनुमति देने से पहले सुरक्षा और प्रशासनिक नियमों का पालन किया गया या नहीं, इसकी जांच होनी चाहिए। शिकायतकर्ता ने कॉलेज प्रबंधन से शूटिंग की अनुमति से संबंधित दस्तावेजों की भी जांच कराने की मांग की है।

कॉलेज की अनुमति और पुलिस क्लियरेंस पर उठे सवाल
शिकायतकर्ता ने संबंधित अधिकारियों से यह पता लगाने की मांग की है कि शूटिंग की अनुमति किस अधिकारी या प्रशासनिक स्तर से दी गई थी। इसके अलावा कॉलेज को शूटिंग के लिए किसी तरह की राशि या किराये के रूप में भुगतान हुआ था या नहीं, इसकी भी जांच की मांग की गई है।

शिकायत में यह भी पूछा गया है कि शूटिंग से पहले पुलिस की अनुमति, सुरक्षा संबंधी मंजूरी और हथियारों का वैरिफिकेशन कराया गया था या नहीं। शिकायतकर्ता ने वास्तविक हथियारों के साथ-साथ बिना वैरिफिकेशन वाले नकली हथियारों के इस्तेमाल की स्थिति में भी सुरक्षा प्रोटोकॉल की जांच की मांग की है।

शो-कॉज नोटिस और फैक्ट फाइंडिंग कमेटी की मांग
प्रोफेसर मनदीप सिंह ने पंजाब सरकार और संबंधित विभागों से DAV कॉलेज जालंधर के प्रिंसिपल तथा गवर्निंग बॉडी को शो-कॉज नोटिस जारी करने की मांग की है। इसके साथ ही पूरे मामले की जांच के लिए उच्च स्तरीय फैक्ट-फाइंडिंग कमेटी गठित करने का अनुरोध किया गया है।

शिकायत में पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट के निर्देशों और पंजाब सरकार की हथियारों के प्रदर्शन से संबंधित नीतियों का भी हवाला दिया गया है। शिकायतकर्ता का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर यह स्पष्ट किया जाना चाहिए कि कॉलेज परिसर में शूटिंग की अनुमति किन परिस्थितियों में दी गई और सुरक्षा नियमों का पालन हुआ था या नहीं।

कई विभागों और अधिकारियों को भेजी शिकायत
यह शिकायत पंजाब के उच्च शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव, डायरेक्टर हायर एजुकेशन/DPI कॉलेज, गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर, कॉलेज डेवलपमेंट काउंसिल के डीन, DAV College Managing Committee, UGC के सचिव और जालंधर के जिला मजिस्ट्रेट को भेजी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *