Saturday, September 12, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 27°C
Breaking News

जालंधर हाइट्स-1 में 21 वर्षीय युवती की मौत, 10वीं मंजिल से गिरने का मामला

भारत इंफो : जालंधर की 66 फीट रोड स्थित जालंधर हाइट्स-1 में 21 वर्षीय युवती की मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान महकप्रीत कौर के रूप में हुई है। शुरुआती पुलिस जांच के अनुसार युवती की मौत बिल्डिंग की 10वीं मंजिल से गिरने के कारण हुई। सूचना मिलने के बाद सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

परिवार ने बताया- अचानक बिल्डिंग से गिर गई बेटी

पुलिस को दिए बयान में परिवार ने बताया कि महकप्रीत सुबह बिल्डिंग में टहलने के लिए गई थी और इसी दौरान वह नीचे गिर गई। परिवार के अनुसार महकप्रीत B.A. के फाइनल ईयर में पढ़ रही थी। पुलिस के मुताबिक परिवार ने बताया कि वह डिप्रेशन की दवा ले रही थी।

मौके से नहीं मिला कोई सुसाइड नोट

जालंधर हाइट्स पुलिस चौकी इंचार्ज जसवीर चंद और मामले की जांच कर रहे एएसआई विपन कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला सुसाइड का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने मौके की जांच की, लेकिन वहां से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

परिवार ने कानूनी कार्रवाई से किया इनकार

पुलिस अधिकारियों के अनुसार महकप्रीत के पिता अजीत पाल सिंह ने किसी तरह की कानूनी कार्रवाई करवाने से इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस चौकी की ओर से मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी गई। अधिकारियों की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव वारिसों को सौंप दिया गया।

अजीत पाल सिंह का अटारी बाजार में सिंह ब्रदर्स के नाम से जूतों का कारोबार बताया जा रहा है।

IPC की धारा 174 के तहत कार्रवाई

S.H.O. संजीव सूरी ने बताया कि परिवार के बयानों के आधार पर IPC की धारा 174 के तहत कार्रवाई की गई है। शुरुआती जांच में युवती द्वारा आत्महत्या किए जाने की बात सामने आई है। हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *