भारत इंफो : पंजाब पुलिस ने बंबीहा गैंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मलेशिया से गैंग के तीन कथित गुर्गों को डिपोर्ट करवाकर गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जस बेहबल, अजय सिंह और पवनीदीप सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, तीनों पंजाब और पड़ोसी राज्यों में रंगदारी, टारगेट किलिंग समेत कई गंभीर आपराधिक वारदातों में कथित तौर पर शामिल रहे हैं।
लुधियाना हैंड ग्रेनेड मामले में भी कनेक्शन
पुलिस के अनुसार, अजय सिंह और पवनीदीप सिंह के तार लुधियाना में हैंड ग्रेनेड ब्लास्ट की साजिश से भी जुड़े रहे हैं। नवंबर 2025 में लुधियाना पुलिस ने कुछ युवकों को हैंड ग्रेनेड के साथ गिरफ्तार किया था। पूछताछ में सामने आया था कि शहर में दहशत फैलाने की तैयारी की जा रही थी। आरोपियों के कब्जे से चीनी हैंड ग्रेनेड भी बरामद हुआ था।
मलेशिया में बैठकर रची थी साजिश
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि इस साजिश की कथित पूरी योजना मलेशिया में बैठे अजय सिंह और पवनीदीप सिंह ने तैयार की थी। दोनों पर विदेश में बैठकर पंजाब में आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने की साजिश रचने के आरोप लगे।
केंद्र सरकार के जरिए भारत लाने की प्रक्रिया शुरू
मामले की गंभीरता को देखते हुए पंजाब पुलिस ने दोनों आरोपियों को भारत लाने के लिए केंद्र सरकार के समक्ष मामला उठाया और डिपोर्टेशन की प्रक्रिया शुरू की। अब इसी कार्रवाई के तहत मलेशिया से अजय सिंह और पवनीदीप सिंह को भारत लाकर गिरफ्तार कर लिया गया है। जस बेहबल को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
पुलिस अब तीनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियां इनके आपराधिक नेटवर्क, विदेश में बैठे अन्य सहयोगियों और पंजाब में सक्रिय गैंग के सदस्यों के बारे में जानकारी जुटाने में लगी हैं।