Tuesday, September 15, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 30°C
Breaking News

अटल टनल के पास दर्दनाक हादसा, कार खाई में गिरी, राजस्थान के पर्यटक की मौत

भारत इंफो : हिमाचल प्रदेश में अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल के पास हुए एक सड़क हादसे में राजस्थान के एक पर्यटक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। मृतक की पहचान राजस्थान के सीकर निवासी 34 वर्षीय कैलाश के रूप में हुई है। वहीं घायलों में उत्तर प्रदेश के लखीमपुर निवासी आदित्य, राजस्थान के सीकर निवासी राजेंद्र और वाहन चालक सिद्धार्थ शामिल हैं।

तेज रफ्तार के कारण अनियंत्रित हुई कार
पुलिस के अनुसार, सभी पर्यटक 30 जून की रात मनाली से लाहौल की ओर जा रहे थे। रात करीब 10 बजे अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल से निकलने के कुछ ही समय बाद चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। तेज रफ्तार के कारण मोड़ पर कार अनियंत्रित हो गई और सड़क से नीचे चंद्र नदी की ओर जा गिरी। हादसे के दौरान कार नदी पर निर्माणाधीन पुल से भी टकरा गई।

घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
सिसु थाना प्रभारी मुकेश राठौर ने बताया कि हादसे में घायल तीनों लोगों का इलाज चल रहा है। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव उन्हें सौंप दिया जाएगा।

पुलिस ने पर्यटकों को दी सावधानी बरतने की सलाह
पुलिस ने पर्यटकों से अपील की है कि पहाड़ी क्षेत्रों में विशेषकर रात के समय यात्रा करने से बचें और वाहन हमेशा नियंत्रित गति से चलाएं। अधिकारियों ने कहा कि मानसून के दौरान सड़कें फिसलन भरी हो जाती हैं और दृश्यता भी कम रहती है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा काफी बढ़ जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *