Monday, September 14, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 31°C
Breaking News

जालंधर में भिड़ेंगे भारत-पाकिस्तान, नितिन कोहली बोले- ‘चढ़ता पंजाब और उतरता पंजाब’ होगा आमने-सामने

भारत इंफो : पंजाब में पुरुष एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी 2026 की मेजबानी मिलने पर हॉकी पंजाब के अध्यक्ष नितिन कोहली ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि इतने बड़े अंतरराष्ट्रीय हॉकी टूर्नामेंट का आयोजन पंजाब में होना राज्य की समृद्ध हॉकी विरासत और खेल प्रतिभा के लिए बड़ी उपलब्धि है।

प्रतियोगिता का औपचारिक कार्यक्रम मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान, एशियाई हॉकी महासंघ के उपाध्यक्ष भोला नाथ, हॉकी इंडिया के अध्यक्ष आर.पी. सिंह और महानिदेशक कमांडर आर.के. श्रीवास्तव की मौजूदगी में घोषित किया गया।

जालंधर में भारत-पाकिस्तान मुकाबले को लेकर उत्साह
भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मुकाबले को लेकर नितिन कोहली ने इसे पंजाबियों के लिए बेहद भावुक और खास पल बताया। उन्होंने कहा, “चढ़ता पंजाब और उतरता पंजाब एक-दूसरे के खिलाफ खेलेगा।” दुनिया भर में रहने वाले पंजाबियों के लिए यह मुकाबला विशेष भावनात्मक महत्व रखता है। हॉकी के गढ़ जालंधर में भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने होंगी, जो हॉकी प्रेमियों के लिए यादगार अवसर होगा।

27 अक्टूबर से जालंधर में शुरू होगी चैंपियंस ट्रॉफी
एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी 2026 की शुरुआत 27 अक्टूबर को जालंधर के ओलंपियन सुरजीत हॉकी स्टेडियम में होगी। टूर्नामेंट में भारत, पाकिस्तान, जापान, मलेशिया, चीन और दक्षिण कोरिया की टीमें हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला 5 नवंबर को मोहाली के ओलंपियन बलबीर सिंह हॉकी स्टेडियम में खेला जाएगा।

‘पंजाब में खेलों को लेकर नई सोच बन रही’
नितिन कोहली ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में पंजाब में खेलों को लेकर नई सोच और वातावरण तैयार हो रहा है। उनके मुताबिक, बड़े अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट पंजाब में लाना, युवा खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय मंच देना और राज्य की खेल क्षमता को दुनिया के सामने रखना इसी सोच का हिस्सा है। एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी सिर्फ एक हॉकी प्रतियोगिता नहीं है, बल्कि पंजाब की खेल शक्ति, युवाओं और हॉकी विरासत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने का अवसर भी है।

जालंधर को बताया भारतीय हॉकी की आत्मा
जालंधर में मुकाबलों की मेजबानी पर नितिन कोहली ने कहा कि यह शहर भारतीय हॉकी से गहराई से जुड़ा हुआ है। जालंधर ने देश को बड़ी संख्या में ओलंपिक और अंतरराष्ट्रीय स्तर के हॉकी खिलाड़ी दिए हैं। इसके अलावा खेल सामग्री निर्माण के क्षेत्र में भी शहर की अंतरराष्ट्रीय पहचान है। जालंधर में एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी के मुकाबले होना शहर की समृद्ध हॉकी विरासत को सम्मान देने जैसा है। एशिया की शीर्ष हॉकी टीमों को यहां खेलते देखना हर हॉकी प्रेमी के लिए गर्व का क्षण होगा।

युवा खिलाड़ियों को मिलेगा बड़ा मंच
नितिन कोहली ने कहा कि इस टूर्नामेंट का सबसे बड़ा लाभ पंजाब के बच्चों और युवा खिलाड़ियों को मिलेगा। अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को अपने सामने खेलते देखना युवाओं के भीतर हॉकी को लेकर सपने, जुनून और आत्मविश्वास पैदा कर सकता है।उन्होंने सभी मुकाबलों में दर्शकों को निःशुल्क प्रवेश देने के फैसले का भी स्वागत किया। उनके अनुसार, इससे बच्चे, विद्यार्थी, परिवार और हॉकी प्रेमी बड़ी संख्या में स्टेडियम पहुंचकर अंतरराष्ट्रीय हॉकी का अनुभव कर सकेंगे।

पंजाब की खेल और पर्यटन क्षमता को मिलेगा बढ़ावा
कोहली ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय टीमों के पंजाब आने से उन्हें यहां की हॉकी के साथ-साथ खेल संस्कृति, खेल सामग्री उद्योग, खान-पान और समृद्ध विरासत को जानने का अवसर मिलेगा। इससे पंजाब की खेल और पर्यटन क्षमता को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ावा मिल सकता है। पंजाब को केवल अपनी पुरानी खेल विरासत पर गर्व करने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि नई पीढ़ी के लिए बेहतर सुविधाएं और अंतरराष्ट्रीय अवसर तैयार करने होंगे।

नितिन कोहली ने मुख्यमंत्री भगवंत मान, पंजाब सरकार, हॉकी इंडिया और टूर्नामेंट से जुड़े सभी अधिकारियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि ऐतिहासिक प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए हॉकी पंजाब हरसंभव सहयोग करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *