Monday, September 14, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 31°C
Breaking News

“फ्री बिजली के नाम पर आ रहे 16 हजार के बिल” -बेरी और बावा हैनरी ने सरकार खिलाफ खोला मोर्चा

भारत इंफो : पंजाब में रोजाना लग रहे लंबे अघोषित बिजली कटों, भारी-भरकम औसतन बिलों, आसमान छूती महंगाई और चरमराती कानून-व्यवस्था को लेकर कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी (आप) सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। जालंधर में पूर्व विधायक राजिंदर बेरी की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने बिजली घर के बाहर सरकार का पुतला फूंका, वहीं जालंधर नॉर्थ से विधायक बावा हैनरी के नेतृत्व में प्रताप बाग में विशाल धरना देकर सरकार की प्रशासनिक नाकामियों के खिलाफ तीखा प्रदर्शन किया गया।

7 से 10 घंटे के कटों से उद्योग ठप, 300 यूनिट फ्री योजना पर उठे सवाल
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि पिछले तीन महीनों से राज्य में रोजाना 7 से 10 घंटे के बिजली कट लग रहे हैं। बिना पूर्व सूचना के बिजली गुल होने से उद्योगों में तैयार हो रहा कच्चा माल खराब हो रहा है, जिससे व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ ही नेताओं ने सरकार के 300 यूनिट फ्री बिजली के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि आम उपभोक्ताओं को अब 4-4 महीनों के 12 से 16 हजार रुपये तक के औसतन (एवरेज) बिल थमाए जा रहे हैं।

महंगाई और कानून-व्यवस्था पर घेरा, आंदोलन तेज करने की दी चेतावनी
नेताओं ने महंगाई का जिक्र करते हुए कहा कि खाने के तेल, चीनी और दूध के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे आम जनता का जीना दूभर हो गया है। साथ ही व्यापारियों को मिल रही धमकियों से कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। कांग्रेस ने मांग की है कि यदि सरकार सुचारू बिजली नहीं दे सकती, तो कम से कम कटों का समय तय कर पहले सूचना जारी करे ताकि कारोबारी अपना इंतजाम कर सकें। समाधान न निकलने पर आंदोलन को और उग्र करने की चेतावनी दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *