loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 34°C
Breaking News

लुधियाना में हरजोत बैंस से मिलने की कोशिश में सुरक्षा घेरा तोड़कर पहुंचे भाजपा नेता, मचा हंगामा

भारत इंफो : पंजाब के स्थानीय निकाय मंत्री हरजोत बैंस के लुधियाना दौरे के दौरान उस समय हंगामे की स्थिति बन गई जब एक भाजपा नेता सुरक्षा घेरा तोड़कर उनके पीछे दौड़ पड़ा। मंत्री क्लीन पंजाब मिशन के तहत शहर में चल रहे कार्यों का जायजा लेने पहुंचे थे और नगर निगम के जोन-ए कार्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे थे।

बैठक खत्म होते ही हुआ विरोध
बैठक समाप्त होने के बाद जैसे ही मंत्री हरजोत बैंस कार्यालय से बाहर निकले, भाजपा नेता विक्की सहोता अचानक पुलिस का घेरा पार कर उनके पीछे दौड़ पड़े। इस दौरान उन्होंने नारेबाजी भी की। उनके साथ संघर्ष कमेटी का एक अन्य सदस्य भी मौजूद था।
सुरक्षा में तैनात पुलिस कर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों को मंत्री तक पहुंचने से पहले ही रोक लिया। विक्की सहोता लगातार मंत्री से मिलने की कोशिश करते रहे, लेकिन पुलिस ने उन्हें आगे नहीं बढ़ने दिया और सुरक्षा घेरे से बाहर कर दिया।

कर्मचारियों की मांगों को लेकर पहुंचे थे
जानकारी के अनुसार विक्की सहोता संघर्ष कमेटी के कुछ सदस्यों के साथ कर्मचारियों की मांगों को लेकर मंत्री से मुलाकात करने पहुंचे थे। उनका आरोप था कि उन्हें पहले से ही पुलिस ने घेरकर रोक रखा था और मंत्री तक अपनी बात रखने का अवसर नहीं दिया गया।

मंत्री बिना मिले रवाना, मेयर को घेरा
मंत्री हरजोत बैंस प्रदर्शनकारियों से मिले बिना ही अपनी गाड़ी में बैठकर वहां से रवाना हो गए। इसके बाद विक्की सहोता और उनके साथियों ने मेयर इंदरजीत कौर को घेर लिया और अपनी नाराजगी जताई। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि वे कर्मचारियों की मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से मंत्री से मिलने आए थे, लेकिन उन्हें अपनी बात रखने का मौका नहीं मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *