भारत इंफो : केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू गुरुवार को पंजाब अनुसूचित जाति (SC) आयोग के समक्ष पेश नहीं हुए। उनकी ओर से एक वकील आयोग के सामने उपस्थित हुआ और बिट्टू का पक्ष रखा। इस दौरान आयोग के चेयरमैन जसबीर सिंह गढ़ी ने फोन पर रवनीत बिट्टू से बातचीत भी की।
सुनवाई के बाद आयोग ने रवनीत बिट्टू को 15 जून को सुबह 11 बजे दोबारा पेश होने के लिए तलब किया है। आयोग ने स्पष्ट किया कि इस बार उन्हें व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होना होगा।
राज्यसभा चुनाव ड्यूटी का दिया हवाला
आयोग के चेयरमैन जसबीर सिंह गढ़ी ने बताया कि रवनीत बिट्टू ने अपनी अनुपस्थिति का कारण राज्यसभा चुनाव से जुड़ी पार्टी ड्यूटी बताया है। उन्होंने कहा कि बिट्टू के अनुसार वह हाल ही में चंडीगढ़ में थे और अगले कुछ दिनों तक चुनावी जिम्मेदारियों में व्यस्त रहेंगे। आयोग ने यह भी बताया कि बिट्टू इससे पहले भी कई बार पेशी से छूट मांग चुके हैं।
प्रताप बाजवा और राजा वड़िंग भी तलब
इस मामले में आयोग ने कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा और पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को भी तलब किया है। आयोग के अनुसार दोनों नेताओं को पहले नोटिस जारी किए जा चुके थे, लेकिन उनके पेश न होने पर अब समन जारी कर व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।
वकालतनामा भी किया गया पेश
सुनवाई के दौरान रवनीत बिट्टू की ओर से उनके वकील ने आयोग के समक्ष वकालतनामा भी प्रस्तुत किया। आयोग अब अगली सुनवाई में सभी संबंधित नेताओं की मौजूदगी की उम्मीद कर रहा है। फिलहाल आयोग की अगली कार्रवाई 15 जून को निर्धारित सुनवाई के दौरान तय होगी।