Tuesday, September 15, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 34°C
Breaking News

लुधियाना में AAP विधायक रजिंदरपाल कौर पर ट्रक ड्राइवर को थप्पड़ मारने का आरोप, वीडियो वायरल

भारत इंफो : लुधियाना के हलका दक्षिणी से आम आदमी पार्टी की विधायक रजिंदरपाल कौर छीना एक नए विवाद में घिर गई हैं। डाबा रोड पर गाड़ी को साइड न देने की बात पर भड़कीं विधायक पर एक ट्रक ड्राइवर को थप्पड़ जड़ने का आरोप लगा है। घटना के बाद पीड़ित ड्राइवर और उसके साथियों ने सोमवार देर शाम विधायक के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए धरना दे दिया और पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई।

वीडियो में गुस्से में दिखीं विधायक, ड्राइवर ने बयां की दास्तां
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में महिला विधायक अपने गनमैन के साथ कार से उतरकर गुस्से में ट्रक की ओर बढ़ती दिख रही हैं। वीडियो के अनुसार, उन्होंने ट्रक का दरवाजा खोलकर सीट पर बैठे ड्राइवर को नीचे उतारा और उतरते ही थप्पड़ मार दिया। सहमे हुए ड्राइवर ने बताया कि अचानक हुए इस हमले से वह डर गया और अपनी गलती पूछता रहा, लेकिन विधायक उसे लगातार धमकाती रहीं।

विधायक की सफाई: थप्पड़ नहीं मारा, सिर्फ चाबी छीनी थी
दूसरी ओर, विधायक रजिंदरपाल कौर छीना ने थप्पड़ मारने के दावों को सिरे से खारिज कर दिया है। उनका कहना है कि क्षेत्र में तेज रफ्तार टिप्पर और ट्रक चालकों की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। यह ड्राइवर भी लापरवाही से वाहन चलाकर एक एक्टिवा और मोटरसाइकिल को टक्कर मार चुका था। विधायक के अनुसार, उन्होंने केवल ड्राइवर के हाथ से गाड़ी की चाबी छीनी थी और मौके पर डाबा थाना पुलिस को बुलाकर ड्राइवर को उनके हवाले कर दिया था।

रवनीत बिट्टू ने सत्ता के अहंकार पर घेरा
इस घटना को लेकर सूबे की राजनीति भी गरमा गई है। पूर्व केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने आम आदमी पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि एक गरीब और मेहनतकश ट्रक ड्राइवर पर हाथ उठाना पूरी तरह से सत्ता के अहंकार और शर्मनाक गुंडागर्दी का सबूत है। इस मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *