Tuesday, September 15, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 34°C
Breaking News

‘200 करोड़ दो वर्ना पति समेत खत्म कर देंगे!’ महिला को गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के नाम की धमकी

भारत इंफो : देश की राजधानी दिल्ली का पॉश इलाका सिविल लाइंस उस वक्त सन्न रह गया, जब 50 वर्षीया एक महिला को विदेशी नंबर से आई कॉल पर होश उड़ा देने वाली धमकी मिली। खुद को खूंखार गैंगस्टर गोल्डी बराड़ बताने वाले कॉलर ने महिला से 200 करोड़ रुपये की भारी-भरकम रंगदारी मांगी है। रकम न चुकाने की सूरत में कॉलर ने महिला और उनके पति को सीधे मौत के घाट उतारने की सीधी चेतावनी दी है। दिल्ली के इतिहास में जबरन वसूली की यह अब तक की सबसे बड़ी रकम मानी जा रही है।

7 सितंबर की रात आया इंटरनेशनल कॉल, पुश्तैनी संपत्ति पर थी नजर
पीड़ित महिला के पास करोड़ों की पुश्तैनी संपत्ति है। 7 सितंबर की रात करीब 10:44 बजे उनके फोन पर एक इंटरनेशनल नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई। कॉलर ने बेधड़क अंदाज में खुद को गोल्डी बराड़ बताते हुए कहा कि उसे महिला के परिवार, रहन-सहन और संपत्ति की पाई-पाई की जानकारी है। शुरुआत में महिला ने इसे किसी का मजाक समझकर टाल दिया, लेकिन जब दोबारा उसी लहजे में फिरौती का दबाव बनाया गया, तो उनका परिवार दहशत में आ गया और उन्होंने पुलिस की शरण ली।

स्पेशल सेल की एंट्री, हर एंगल से खंगाली जा रही कुंडली
मामले की गंभीरता को देखते हुए सिविल लाइंस थाना पुलिस ने 10 सितंबर को आपराधिक धमकी, रंगदारी और आपराधिक साजिश की धाराओं में केस दर्ज किया। अब इस हाई-प्रोफाइल मामले की कमान दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने संभाल ली है। पुलिस की अलग-अलग टीमें महिला की संपत्ति, निजी रंजिश और उनकी दूसरी शादी से जुड़े पारिवारिक बैकग्राउंड सहित हर तकनीकी पहलू की बारीकी से जांच कर रही हैं।

गैंगस्टर नेटवर्क की तलाश में जुटी खाकी
विदेश से अपना नेटवर्क चलाने वाला गोल्डी बराड़ पहले भी दिल्ली-एनसीआर के कई बड़े कारोबारियों को फिरौती के लिए निशाने पर ले चुका है। हालांकि, 200 करोड़ रुपये की इस काल्पनिक या असली मांग ने सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े कर दिए हैं। पुलिस अब उस विदेशी नंबर की डिजिटल ट्रेसिंग में लगी है ताकि यह साफ हो सके कि कॉल वाकई लॉरेंस-गोल्डी गैंग की तरफ से थी या इसके पीछे किसी स्थानीय गिरोह की साजिश है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *