loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 37°C
Breaking News

दिनदहाड़े बैंक ऑफ महाराष्ट्र में लूट, बंदूक की नोक पर ग्राहकों को डराया, फरार हुए लुटेरे

भारत इंफो : मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां दिनदहाड़े हथियारबंद बदमाशों ने बैंक ऑफ महाराष्ट्र की शाखा को अपना निशाना बनाया। बैढ़न इलाके में स्थित इस बैंक में दोपहर के समय हुई इस डकैती ने पूरे शहर में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। पांच नकाबपोश लुटेरे फिल्मी अंदाज में बैंक के भीतर दाखिल हुए और चंद मिनटों में ही कैश और जेवरातों पर हाथ साफ कर चंपत हो गए।

हथियारबंद बदमाशों का 20 मिनट तक तांडव
लूट की यह पूरी वारदात दोपहर करीब 2 बजे शुरू हुई। चश्मदीद आशीष पांडे के अनुसार, पहले दो हथियारबंद बदमाश बैंक के भीतर घुसे और वहां मौजूद लोगों को डराना शुरू किया। देखते ही देखते उनके पीछे तीन और साथी भी हथियारों के साथ अंदर दाखिल हो गए। इन लुटेरों ने करीब 20 मिनट तक पूरे बैंक परिसर को अपने कब्जे में रखा। बदमाशों ने वहां मौजूद ग्राहकों और कर्मचारियों पर बंदूक तान दी, जिससे बैंक के भीतर चीख-पुकार मच गई। इस दौरान लुटेरों ने सभी को एक कोने में बंधक बना दिया ताकि कोई बाहर न भाग सके।

मैनेजर पर हमला कर लूट की  
बदमाशों का मुख्य लक्ष्य बैंक का लॉकर और कैश रूम था। जब उन्होंने बैंक मैनेजर से लॉकर की चाबियां मांगी, तो मैनेजर ने साहस दिखाते हुए चाबियां देने से इनकार कर दिया। इससे गुस्साए बदमाशों ने क्रूरता दिखाते हुए मैनेजर के सिर पर बंदूक की बट से जोरदार हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद बदमाशों ने चाबियां छीनीं और कैश से भरी पेटी व भारी मात्रा में सोने-चांदी के जेवर अपने साथ ले लिए। लूट को अंजाम देने के बाद बदमाश हथियारों को लहराते हुए मौके से फरार हो गए।

पुलिस की नाकाबंदी तेज
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सिंगरौली एसपी के नेतृत्व में पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शहर के सभी एंट्री और एग्जिट पॉइंट्स को पूरी तरह सील कर दिया गया। पुलिस का प्रयास है कि लुटेरे जिले की सीमा पार न कर सकें। फिलहाल बैंक और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को गहनता से खंगाला जा रहा है ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके। बैंक प्रबंधन अभी लूटी गई कुल नकदी और सोने की कीमत का सटीक आकलन करने में जुटा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *