दिल्ली के रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की रैली
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और जेल भेजने की भी दी चेतावनी
भारत इंफो, नई दिल्ली
कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि कथित ‘वोट चोरी’ के मामले में दोनों नेताओं को भी कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। वे कानून से बच नहीं सकेंगे।
राहुल गांधी रविवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें पद से हटाया जाएगा और भविष्य में जेल जाना पड़ेगा।
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद मतदाता सूचियों से करीब 13.5 करोड़ मतदाताओं के नाम हटाए गए। उन्होंने दावा किया कि यह संख्या कुल मतदाताओं का लगभग 15 प्रतिशत है, जबकि लोकसभा चुनाव में NDA और विपक्ष के बीच जीत का अंतर करीब 3 प्रतिशत था। उन्होंने चुनाव आयोग की SIR प्रक्रिया और EVM के जरिए कथित गड़बड़ियों का भी मुद्दा उठाया।
उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार के बाद विपक्ष प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग करेगा। राहुल ने कहा कि देश का संविधान किसी भी व्यक्ति से बड़ा है और लोकतंत्र की रक्षा के लिए विपक्ष अपनी लड़ाई जारी रखेगा।
रैली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, सपा प्रमुख अखिलेश यादव और अन्य INDIA गठबंधन के नेता भी शामिल हुए।
भाजपा का पलटवार
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राहुल गांधी की रैली पर निशाना साधते हुए कहा कि 1984 के सिख विरोधी दंगों की बरसी पर राजनीतिक आयोजन करना पीड़ित परिवारों के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा है। भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने भी विपक्ष पर लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गई सरकार के खिलाफ माहौल बनाने का आरोप लगाया।