भारत इंफो : जालंधर के हरनामदासपुरा इलाके में वेस्ट एंड वेस्टर्न यूनियन टूर एंड ट्रैवल की दुकान पर हुई लूट के मामले को पुलिस ने 24 घंटे के अंदर सुलझा लिया है। पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस वारदात में करीब 1 लाख 8 हजार रुपए की नकदी लूटी गई थी।
आरोपियों से नगदी और वाहन बरामद
डीसीपी मनप्रीत ढिल्लों ने जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरदीप और अमृतपाल सिंह के रूप में हुई है। इनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई एक्टिवा और कुछ लूटी हुई नगदी भी बरामद की गई है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा, जबकि तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।
पहले की रेकी, फिर वारदात को दिया अंजाम
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी पहले दिन में दुकान की रेकी करने पहुंचे थे। इसके बाद शाम करीब 4:22 बजे जब उन्होंने देखा कि दुकान पर महिला अकेली है, तो एक आरोपी अंदर घुस गया और दूसरे के साथ मिलकर महिला को काबू किया। इसके बाद तिजोरी से नकदी निकालकर फरार हो गए, जबकि बाहर तीसरा साथी एक्टिवा पर उनका इंतजार कर रहा था।
सीसीटीवी फुटेज से हुई पहचान
घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की और तुरंत कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में यह भी सामने आया है कि आरोपियों के खिलाफ पहले से दो आपराधिक मामले दर्ज हैं। कार्रवाई के दौरान 195 ग्राम हेरोइन और एक एक्टिवा भी बरामद की है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और फरार आरोपी को पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है।