loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 33°C
Breaking News

श्री आनंदपुर साहिब से लौट रहे श्रद्धालुओं के साथ बड़ा हादसा, फतेहगढ़ साहिब में बस पलटने से 6 की मौत

भारत इंफो : बैसाखी के पावन पर्व पर श्री आनंदपुर साहिब के नतमस्तक होकर वापस लौट रही संगत के साथ एक हृदयविदारक हादसा घटित हुआ है। फतेहगढ़ साहिब के बस्सी पठाना इलाके में देर रात श्रद्धालुओं से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। यह दुखद घटना चुन्नी-मोरिंडा रोड पर स्थित गांव मैन माजरी के समीप हुई। इस भीषण हादसे में 6 श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के वक्त बस में करीब 35 से 40 लोग सवार थे, जो दर्शन के बाद अपने घरों को लौट रहे थे।

स्थानीय ग्रामीणों ने शुरू किया राहत कार्य

हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बस पलटने की आवाज सुनकर आसपास के गांवों में हड़कंप मच गया। लोग तुरंत मदद के लिए घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने अंधेरे और कठिन परिस्थितियों के बावजूद बस में फंसे श्रद्धालुओं को बाहर निकाला। प्रशासनिक मदद पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने अपने निजी वाहनों और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाना शुरू कर दिया ताकि समय रहते उनकी जान बचाई जा सके।

अस्पतालों में घायलों का उपचार

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और स्थिति का जायजा लिया। वर्तमान में घायलों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल फतेहगढ़ साहिब, बस्सी पठाना और मोरिंडा के सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों की टीम घायलों को बेहतर उपचार देने में जुटी है, जिनमें से कुछ की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *