loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 23°C
Breaking News

सुखबीर बादल को किसानों का साथ! BKU (कादियां) ने SAD को दिया बिना शर्त समर्थन

भारत इंफो, चंडीगढ़

पंजाब में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले शिरोमणि अकाली दल को किसान संगठन का समर्थन मिला है। भारतीय किसान यूनियन (कादियां) ने सुखबीर सिंह बादल की पार्टी को आगामी विधानसभा चुनाव में बिना शर्त समर्थन देने का ऐलान किया है।

चंडीगढ़ में सुखबीर बादल की मौजूदगी में BKU (कादियां) के अध्यक्ष हरमीत सिंह कादियां ने यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि यूनियन ने करीब तीन महीने तक विचार-विमर्श और विभिन्न राजनीतिक दलों के रुख का आकलन करने के बाद यह फैसला लिया है।

हरमीत सिंह कादियां ने आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पर किसानों की मांगों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने किसानों के साथ किए गए समझौतों को भी लागू नहीं किया। यूनियन ने अकाली दल के सामने MSP का दायरा बढ़ाने, फसल बीमा लागू करने, फसल विविधीकरण को प्रोत्साहन देने, अटारी-वाघा सीमा पर व्यापार बहाल करने और किसानों से जुड़े अन्य मुद्दों को लेकर मांगें रखी हैं।

सुखबीर बादल ने समर्थन का स्वागत करते हुए किसानों के मुद्दों को प्राथमिकता देने का भरोसा दिलाया। 2027 के चुनाव से पहले किसान यूनियन का यह ऐलान अकाली दल की राजनीतिक गतिविधियों और किसान संगठनों के साथ उसके संपर्क के लिहाज से महत्वपूर्ण घटनाक्रम है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *