loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 23°C
Breaking News

सलमान खान मुकाम मंदिर आकर मांगें माफी, बिश्नोई समाज देगा पूरी सुरक्षा: लॉरेंस के रिश्तेदार रमेश बिश्नोई

भारत इंफो, बीकानेर

बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान और लॉरेंस बिश्नोई के बीच लंबे समय से चले आ रहे विवाद में एक बार फिर नया बयान सामने आया है। बिश्नोई समाज के 542वें स्थापना दिवस के अवसर पर रमेश बिश्नोई ने सलमान खान से राजस्थान के बीकानेर स्थित मुकाम मंदिर पहुंचकर काले हिरण मामले में समाज से माफी मांगने की अपील की है।

रमेश बिश्नोई ने कहा कि यदि सलमान खान मुकाम मंदिर आकर अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगते हैं तो उन्हें पूरी सुरक्षा दी जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मंदिर में उनके आने और माफी मांगने के दौरान किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।

यह विवाद वर्ष 1998 में फिल्म ‘हम साथ-साथ हैं’ की शूटिंग के दौरान राजस्थान में दो काले हिरणों के शिकार के आरोपों से जुड़ा है। बिश्नोई समाज काले हिरण को धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से विशेष महत्व देता है। इसी मामले को लेकर लॉरेंस बिश्नोई और सलमान खान के बीच लंबे समय से विवाद बना हुआ है।

रमेश बिश्नोई ने यह भी कहा कि इस मामले को आपसी बातचीत और माफी के जरिए समाप्त करने का रास्ता खुला है। बिश्नोई समाज के लिए मुकाम मंदिर विशेष धार्मिक महत्व रखता है और समाज के नेताओं की ओर से पहले भी सलमान खान को वहां पहुंचकर क्षमा मांगने की अपील की जा चुकी है।

गौरतलब है कि वर्ष 2018 में जोधपुर की अदालत ने काले हिरण शिकार मामले में सलमान खान को पांच साल की सजा सुनाई थी। अभिनेता ने इस फैसले को चुनौती दी है। दूसरी ओर, लॉरेंस बिश्नोई से जुड़े लोगों की ओर से सलमान खान को लगातार माफी मांगने के लिए कहा जाता रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *